देवहा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की धड़कने तेज
बारिश का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र की नदियां उफान हैं। जलस्तर बढ़ने से नदियों ने कटान शुरू कर दिया है। इससे तटवर्ती ग्रामीणों की धड़कने तेज हो रही हैं। नदी ने कई स्थानों पर मकान व पूजा स्थलों को भी काटना शुरू कर दिया है।
जेएनएन, पीलीभीत: बारिश का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र की नदियां उफान हैं। जलस्तर बढ़ने से नदियों ने कटान शुरू कर दिया है। इससे तटवर्ती ग्रामीणों की धड़कने तेज हो रही हैं। नदी ने कई स्थानों पर मकान व पूजा स्थलों को भी काटना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर बाढ़ खंड के अवर अभियंता ने गांव जाकर कटान का जायजा लिया।
हर सल बरसात में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव में कटान होती है। अर्जुनपुर, कर्रखेड़ा, रम्पुरा नगरिया, राजूपुर कुंडरी, भौंरूआ, कितनापुर, पटनिया आदि के ग्रामीण जलस्तर बढ़ने के कारण पूरी तरह सतर्क है। इसके अलावा तहसील प्रशासन द्वारा क्षेत्र में बनाई गई नौ बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को तहसीलदार द्वारा सतर्क कर दिया गया है। सर्वाधिक दयनीय स्थिति अर्जुनपुर की है, जहां पास से गुजरने वाली देवहा नदी गांव में बने शिवालय से मात्र कुछ मीटर ही दूर रह गई है। जिसको देखते हुए ग्रामीणों में हलचल मची हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने कटान रोकने के लिए बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बाढ़ खंड के ईई ने अवर अभियंता को गांव भेजकर रविवार को देवहा नदी की रिपोर्ट भी प्राप्त कर ली है।