Pilibhit News: शादी समारोह में दीवार ढहने से दो लोगों की मौत, एक दर्जन लोग हुए घायल; अस्पताल में कराया गया भर्ती
ihy संवाद सहयोगी बीसलपुर। विवाह समारोह के दौरान एक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। इससे मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। लगभग दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे से विवाह की खुशियों को ग्रहण लग गया। दूल्हा-दुल्हन ने गमगीन माहौल में फेरे लिए।
संवाद सहयोगी, बीसलपुर। विवाह समारोह के दौरान एक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। इससे मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। लगभग दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे से विवाह की खुशियों को ग्रहण लग गया। दूल्हा-दुल्हन ने गमगीन माहौल में फेरे लिए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भसूड़ा में शनिवार को छेदालाल की पुत्री काजल का विवाह समारोह था। कन्या पक्ष द्वारा दिनेश के मकान के पास खाली-पडी जगह पर टेंट लगाकर बरातियों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई जा रही थी। रात लगभग नौ बजे बरात गांव के बाहर पुलिया पर पहुंच चुकी थी।
बरातियों के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इसी समय पड़ोसी दिनेश कुमार शर्मा के मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। जिसकी चपेट में आकर दुल्हन के पिता सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में गांव निवासी महावीर, बरेली के थाना भुता अंतर्गत गांव लइया निवासी चंद्रवीर, हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव धरमपुर निवासी महावीर, भसूड़ा गांव के ही हरेंद्र, रामचरन, अखिलेश, दुल्हन के पिता छेदालाल सहित एक दर्जन लोग शामिल थे।
घायलों को 108 एंबुलेंस से बीसलपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां कराया परीक्षण के बाद चिकित्सक ने महावीर व चंद्रवीर को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकार विशाल चौधरी व प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने गांव पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। एसडीम महिपाल सिंह के निर्देश पर राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। इस हादसे के बाद विवाह की खुशियों को ग्रहण लग गया। रात में ही गमगीन माहौल में दूल्हा-दुल्हन के फेरे लेने की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद बरात की विदाई कर दी गई।