बाघ ने हमला कर मजदूर को किया घायल
चौबीस घंटे के भीतर बाघ के हमले की दूसरी घटना हो गई।
पीलीभीत : चौबीस घंटे के भीतर बाघ के हमले की दूसरी घटना हो गई। सुबह एक मजदूर मजदूरी करने के लिए जा रहा था। जंगल किनारे अचानक सामने आए बाघ ने मजदूर पर अपने पंजे से प्रहार कर दिया। जिससे मजदूर घायल हो गया। उसे संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
न्यूरिया कस्बे के मुहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी भोजराज (35) पुत्र हुलासीराम क्षेत्र से सटे उत्तराखंड के सुरई रेंज के जंगल में वन निगम के डिपो पर मजदूरी करता है। रोजाना की तरह शनिवार को सुबह वह पैदल ही अपनी मजदूरी पर जा रहा था। रास्ते में रामकोला सिद्ध बाबा के गौरैया घाट नवदिया के पास जंगल से बाहर निकला एक बाघ अचानक उसके सामने आ गया। बाघ ने उस पर अपने पंजे से प्रहार कर दिया। जिससे मजदूर घायल हो गया। उसने शोर मचाया तो खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण भी शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। इस पर बाघ फिर जंगल की ओर लौट गया। बाघ के हमले में घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देकर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद संयुक्त जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। गुरुवार को देर शाम जहानाबाद क्षेत्र के गांव रफातपुर में के निकट एक बाघ पहुंच गया था। उसने गांव के बाहरी हिस्से में स्थित मस्जिद की ओर जा रहे 15 वर्षीय वाहिद खान पर हमला करके उसे घायल कर दिया था। इन दोनों घटनाओं के बाद रफातपुर व नवदिया के लोगों में बाघ की दहशत बढ़ गई है।