बार्डर पर एसएसबी जवानों ने बढ़ाई सतर्कता
इंडो नेपाल बार्डर पर पूरी मुस्तैदी के साथ एसएसबी जवान गश्त कर रहे हैं। गश्त में एपीएफ नेपाल के भी जवान शामिल हो रहे हैं। एसएसबी जवान स्थानीय पुलिस के साथ भी बार्डर पर पूरी तरह निगाह रखे हैं। सीमा बंद होने के चलते दोनों देशों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है।
पीलीभीत, जेएनएन : इंडो नेपाल बार्डर पर पूरी मुस्तैदी के साथ एसएसबी जवान गश्त कर रहे हैं। गश्त में एपीएफ नेपाल के भी जवान शामिल हो रहे हैं। एसएसबी जवान स्थानीय पुलिस के साथ भी बार्डर पर पूरी तरह निगाह रखे हैं। सीमा बंद होने के चलते दोनों देशों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है।
बदले हालात में नेपाल की ओर से ऐसी गतिविधियां की जा रही हैं, जिनसे दोनों देशों के बीच रिश्तों में तल्खी पैदा हो रही है। नेपाल सरकार की ओर से पेश किए गए नक्शे को लेकर भी विवादित स्थिति पैदा हो गई थी, जब नेपाल ने भारतीय हिस्से को अपने देश की सीमा में शामिल दर्शाया था। वहीं बार्डर एरिया में अंतरराष्ट्रीय स्तंभों को लेकर भी समय समय पर विवाद होता रहा है। कुछ माह पहले हजारा थाना क्षेत्र में स्थित बार्डर एरिया में अंतरराष्ट्रीय स्तंभ को कुछ अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसी तरह नेपाल के लोगों ने पिछले दिनों नोमैंस लैंड एरिया में सड़क बनाने का भी प्रयास किया था। गनीमत रही कि एसएसबी की मुस्तैदी और त्वरित सूचना देने पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य को रुकवा दिया था। जिलाधिकारी की ओर से इस मसले को लेकर दोनों देशों के अधिकारियों की मीटिग आयोजित करने की भी पहल की गई थी, लेकिन नेपाल के अधिकारियों ने कोई रेस्पांस नहीं दिया। जिस कारण दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक अभी तक नहीं हो सकी है। फिलहाल नेपाल बार्डर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इंडो नेपाल बार्डर की सुरक्षा के लिए 49 वीं वाहिनी एसएसबी के जवान तैनात हैं। जिले की खुली सीमा होने के चलते बार्डर बेहद संवेदनशील माना जाता है। एसएसबी की सुंदरनगर से लेकर बसही तक 14 चौकियां स्थापित हैं। सुरक्षा को लेकर जवान पूरी तरह से अलर्ट हैं। कोरोना वायरस को लेकर कई माह पहले सीमा सील कर आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई थी। अभी भी आवाजाही बंद है। कोरोना संक्रमण को लेकर भी लोग एहतियात बरत रहे हैं। हजारा क्षेत्र में नेपाल बार्डर के किनारे एसएसबी जवानों के साथ नेपाल के एपीएफ के जवान भी गश्त कर रहे हैं। हजारा क्षेत्र में एसएसबी व कंबोजनगर पुलिस, नौजल्हा में रमनगरा पुलिस और एसएसबी जवान गश्त कर रहे हैं। नगरिया कट के कंपनी कमांडर संतराम भारद्वाज ने बताया कि जवान सीमा पर पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त कर रहे हैं।