Road Accident : कैंटर ने बाइक और टेंपो को रौंदा, तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत
हादसे में बाइक पर सवार फूलबानो की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उधर टक्कर लगने के बाद टेंपो पलट गया। इसमें सवार बीसलपुर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी चंद्रकली व उनकी जेठानी उम्मेदी देवी की भी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे बीसलपुर के सीओ विशाल चौधरी बरखेड़ा के थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : तेज गति से जा रहे कैंटर ने पहले बाइक और फिर टेंपो को रौंद दिया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मृत्यु हो गई। साथ ही लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद चालक कैंटर लेकर भाग गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
रविवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव अटंगा चांदपुर निवासी दीन मोहम्मद अपनी पत्नी फूलबानो को बाइक पर बिठाकर बीसलपुर से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बीसलपुर की ओर से ही एक टेंपो सवारियां लेकर आ रहा था। बरखेड़ा थाना क्षेत्र में गांव पतरासा व नगरा के बीच पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने पहले बाइक को और फिर टेंपो को रौंद दिया।
हादसे में बाइक पर सवार फूलबानो की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उधर, टक्कर लगने के बाद टेंपो पलट गया। इसमें सवार बीसलपुर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी चंद्रकली व उनकी जेठानी उम्मेदी देवी की भी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे बीसलपुर के सीओ विशाल चौधरी, बरखेड़ा के थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बरखेड़ा सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में रोहित कुमार, दीन मोहम्मद, गंगादीन, लेखराज, शांति देवी, अनूप, विकास, विपिन, कनिष्का, अवनीश, ज्ञान प्रकाश आदि शामिल हैं।
उधर, हादसे की सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्द्धन सिंह, एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह, एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, सीओ सदर डा. प्रतीक दहिया, सदर कोतवाल नरेश त्यागी आदि जिला अस्पताल पहुंच गए। घायलों का हालचाल लेने के बाद अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी का तत्परता से उपचार शुरू करने के लिए कहा।