जाते जाते भिगो गया सावन का महीना
सावन का महीना जाते जाते भी भिगो गया। सावन के अंतिम दिन भी बारिश होने और आसमान पर बादल छाए रहने के कारण त्योहार पर मौसम सुहाना रहा। भादो के पहले दिन भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पीलीभीत,जेएनएन : सावन का महीना जाते जाते भी भिगो गया। सावन के अंतिम दिन भी बारिश होने और आसमान पर बादल छाए रहने के कारण त्योहार पर मौसम सुहाना रहा। भादो के पहले दिन भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को प्रात: से ही आसमान पर बादल छाए रहे। लगभग दस बजे पहले हवा चलने लगी और फिर अचानक बारिश शुरू हो गई। करीब बीस मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। बीसलपुर में काफी तेज बारिश हुई। बाद में बारिश थम जाने के बाद भी आसमान पर बादल पूरे दिन उमड़ते घुमड़ते रहे। इससे मौसम सुहाना रहा। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 34.8 तथा न्यूनतम 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान कुल लगभग 20 मिलीमीटर बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना है लेकिन इसके बाद दो-तीन दिन तक सूखा रहने के आसार हैं। इसके बाद ही बारिश होने की संभावना है।