विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AI के दौर में भी अंधेरे में 6 हजार घर: यूपी के इस जिले में 'जीरो पावर्टी सर्वे' का चौंकाने वाला खुलासा

Published: Sat, 10 Oct 2026 06:28 PM (IST)

पीलीभीत में शासन के जीरो पावर्टी सर्वे से खुलासा हुआ है कि एआई के दौर में भी 6,171 घरों में ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. सातों विकासखंडों में हजारों परिवार बिजली कनेक्शन से वंचित

वैभव मिश्रा, पीलीभीत। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के दौर में भी जिले के 6,171 घर रोशनी का इंतजार कर रहे हैं। शासन के जीरो पावर्टी सर्वे में सामने आए आंकड़ों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है।

कहीं गांव तक विद्युत लाइन नहीं पहुंच सकी तो कहीं घर तक पोल न होने के कारण कनेक्शन नहीं मिल पाया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कनेक्शन और बिजली बिल का खर्च भी बड़ी बाधा बना हुआ है।

ग्रामीण क्षेत्रों के अत्यंत गरीब परिवारों की पहचान के लिए दो अक्टूबर 2024 को जीरो पावर्टी अभियान शुरू किया था। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कर पात्र और गरीब परिवारों को चिह्नित किया गया।

इसी सर्वे में जिले के 6,171 परिवार ऐसे मिले, जिनके घरों में अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति यह है कि कई गांवों में बिजली के पोल तो खड़े हैं, लेकिन घरों तक लाइन नहीं पहुंची है।

कुछ स्थानों पर विद्युत लाइन पहुंचने के बावजूद घरों तक कनेक्शन देने के लिए पोल नहीं लगाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद भी कई मामलों में आवेदन निरस्त कर दिए गए।

अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें समाधान के बजाय आश्वासन ही मिलता रहा। बिजली के अभाव में सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। शाम होते ही घरों में अंधेरा छा जाता है। घरेलू कामकाज भी प्रभावित होता है।

कुछ सक्षम परिवारों ने सौर ऊर्जा का सहारा लिया है, लेकिन गरीब परिवारों के लिए इसका खर्च उठाना आसान नहीं है। ऐसे में कहीं आर्थिक तंगी तो कहीं विभागीय व्यवस्था की खामी के कारण परिवार बिना बिजली के जीवन गुजारने को मजबूर हैं।

एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि जिन घरों तक बिजली नहीं पहुंची है, वहां लाइन पहुंचाने का काम कराया जा रहा है। स्थानों को चिह्नित किया गया है, जिनमें कुछ गांवों में काम पूरा हो चुका है। शेष स्थानों पर भी कार्य पूरा कराया जाएगा।

अमरिया में सबसे अधिक परिवार बिजली से वंचित

अमरिया विकासखंड में सबसे अधिक 824 परिवारों के घरों में बिजली कनेक्शन नहीं है। इसके अलावा ललौरीखेड़ा में 718, पूरनपुर में 745, बरखेड़ा में 656, बीसलपुर में 492, पीलीभीत में 402 और बिलसंडा में 234 परिवार बिजली से वंचित पाए गए।

50 स्थान चिह्नित, 27 गांवों में काम पूरा

जिन घरों तक अभी बिजली नहीं पहुंची है, वहां लाइन पहुंचाने का काम कराया जा रहा है। इसके लिए करीब 50 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें 27 गांवों में काम पूरा हो चुका है। शेष स्थानों पर भी जल्द काम पूरा कराने का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- जंगल में मल्टीप्लेक्स जैसा अहसास! पीलीभीत लेपर्ड सफारी में बन रहा 50 सीटर हाईटेक थियेटर, सफारी से पहले दिखेगा तराई का रोमांच