विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी सुधारने की कवायद तेज, 18 दिनों में 10000 वोटरों का ब्योरा ठीक करेंगे 150 BLO

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:04 AM (IST)

पीलीभीत में मतदाता सूची में 10,470 वोटरों के फर्जी तरीके से बदले गए ब्योरे को सुधारने का अभियान शुरू हो गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. पीलीभीत में 10,470 वोटरों के ब्योरे में सुधार होगा।

  2. 150 बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म-8 भरवाएंगे।

  3. फर्जीवाड़े में शामिल अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज हुई।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। मतदाता सूची में जिन 10,470 वोटरों का ब्योरा बदला गया, उसमें रविवार से सुधार कराया जाएगा। 150 बीएलओ उन लोगों के घरों पर पहुंचकर फार्म-आठ भरवाएंगे। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी अपनी निगरानी में परिवर्तित ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कराएंगे, ताकि मतदाता उसे देख सकें।

यह प्रक्रिया 12 नवंबर तक पूरी करने का प्रयास है ताकि अन्य मतदाता सूचियों के साथ इनका भी आलेख प्रकाशन कराया जा सके। शनिवार को बीसलपुर में भी कांग्रेस व सपा नेताओं ने मतदाता सूची में त्रुटियों का आरोप लगाया, मगर पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए। अधिकारियों का कहना था कि भाषाई त्रुटियां हुईं होंगी, जिन्हें जांच उपरांत ठीक करा देंगे।

10 अप्रैल के बाद निरंतर पुनरीक्षण अभियान शुरू हुआ था। इसकी आड़ में शहर विधानसभा क्षेत्र के 150 पोलिंग बूथों के 10,470 वोटरों के नाम या उनके पिता के नाम बदल दिए गए। इसके लिए 'नाम परिवर्तन आवेदन' (फॉर्म-आठ) विकल्प का सहारा लिया गया। इन मतदाताओं ने एपिक आईडी के जरिए अपने वोट ऑनलाइन देखने चाहे तो पता चला कि नाम परिवर्तन कर दिया गया है।

घर-घर जाकर भरवाए जाएंगे फॉर्म-8

यह प्रकरण गर्माने पर अमरिया तहसील के एसडीएम हेमंत चौधरी, मयंक गोस्वामी व मतदाता पंजीकरण केंद्र के कंप्यूटर आपरेटर अनिल कुमार पर प्राथमिकी कराई जा चुकी। आरंभिक जांच में माना गया कि मतदाता पंजीकरण केंद्र में 10,470 वोटरों के नाम फर्जी तरीके से बदले गए।

नाम परिवर्तन की ऑनलाइन फीडिंग के दौरान दर्शाया गया कि इन वोटरों ने ऑफलाइन फॉर्म-आठ जमा किए। जब मतदाता पंजीकरण केंद्र पर भरे हुए फॉर्म-आठ तलाशे गए तो एक भी नहीं मिला। इसी आधार पर मान लिया गया कि 10,470 वोटरों के नाम फर्जी तरीके से बदले गए।

अब इसमें सुधार के लिए बीएलओ इन मतदाताओं के घर पहुंचकर फॉर्म-आठ भरवाएंगे, पहचान प्रमाणित करने वाले कागज लेंगे। इसके बाद नामों में सुधार कर ब्योरा ऑनलाइन अपलोड कर दिया जाएगा। डीएम आलोक कुमार इस संबंध में तीन दिन पहले निर्देश दे चुके।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में वोटर लिस्ट कैंप में बवाल: पहले से भरे फॉर्म-8 देखकर भड़के लोग, प्रपत्र लेकर निकले तहसीलदार