पीलीभीत में मेला कमेटी की बैठक में फायरिंग, दो पदाधिकारियों की हत्या
पीलीभीत के अमरिया में रामलीला कमेटी की बैठक में हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इसमें पुरानी कमेटी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
रामलीला कमेटी बैठक में आय-व्यय पर विवाद।
गोलीबारी में दो पदाधिकारियों की मौके पर मौत।
मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। अमरिया में रामलीला कमेटी की बैठक में सोमवार रात बवाल हो गया। आय-व्यय के हिसाब एवं नई कमेटी गठन को लेकर विवाद के दौरान पुरानी कमेटी के दो पदाधिकारियों हत्या कर दी। आरोप है कि कौशल गुप्ता व उसके साथियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दोनों आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद फायरिंग में दो अन्य लोग भी घायल हुए, उन्हें उपचार के लिए बरेली भेजा गया है। देर रात पुलिस एसपी सुकीर्ति माधव ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें रवाना कर दीं। घटना थाने से 500 मीटर दूरी पर हुई।
अमरिया कस्बा में प्रतिवर्ष रामलीला का मंचन होता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने सोमवार रात एक सदस्य के घर में बैठक बुलाई। उसमें पिछली इकाई के आय-व्यय का हिसाब एवं नई इकाई के गठन पर चर्चा शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, कस्बा में रहने वाला कौशल गुप्ता इस बार मेला कमेटी का पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहा था। उसने आय-व्यय के हिसाब पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। अमित व उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता आदि ने इस पर आपत्ति जताई। कहा कि पूरी कमेटी बैठी है, संयम से काम लें। प्रत्येक खर्च का हिसाब दिया जा रहा है, इस पर बेवजह हंगामा न करें।
इसी बात पर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि उसी दौरान कौशल गुप्ता व उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। इसमें अमित गुप्ता व कुणाल के सीने में गोली लगी। उनकी मौके पर मौत हो गई। इसके बावजूद आरोपित नहीं रुके। फायरिंग में रोहित गुप्ता व मोहित गुप्ता भी घायल हो गए। फायरिंग व चीख पुकार सुनकर सड़क पर भगदड़ मच गई। अफरातफरी के बीच आरोपित वहां से भाग गए। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्ष व्यापारी हैं। मुख्य बाजार में उनकी दुकानें हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि कौशल गुप्ता व उसके साथियों पर दो लोगों की हत्या का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर का इंतजार किया जा रहा, उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपित कौशल गुप्ता व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया
