विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बढ़ेगा रोमांच: चूका बीच के बाद अब 'सप्त सरोवर' का नया अवतार, मिलेंगी ये 5 स्टार सुविधाएं

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:40 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के सप्त सरोवर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसमें 50 सीटों वाला कांफ्रेंस ...और पढ़ें

टाइगर रिजर्व के पर्यटन स्थल सप्त सरोवर का मनोहारी दृश्य। जागरण

टाइगर रिजर्व के पर्यटन स्थल सप्त सरोवर का मनोहारी दृश्य। जागरण

HighLights

  1. चूका बीच का दबाव कम करने को सप्त सरोवर पर किया जा रहा सुविधाओं का विस्तार

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर में वन्यजीवों के दीदार के साथ ही अब पर्यटकों को बेहतरीन और आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। पीटीआर प्रशासन प्रमुख पर्यटन स्थलों को नए सिरे से विकसित करने की कवायद में जुट गया है। बीते दिनों हुई बोर्ड बैठक में पीटीआर के पर्यटन स्थलों को पर्यटकों के लिहाज से आधुनिक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

एक ओर चूका बीच की हटों को आधुनिक रूप दिया जा रहा है, दूसरी ओर सप्त सरोवर को भी नए कलेवर में संवारने की तैयारी तेज कर दी गई है। सप्त सरोवर पीटीआर के सफारी रूट पर स्थित सबसे प्रमुख और खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शुमार है।

लगातार पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे और अधिक विकसित किया जा रहा है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक सफारी रूट के साथ ही सेल्हा गांव स्थित मार्ग के जरिए आम रास्ते से भी आसानी से पहुंच सकते हैं।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के सप्त सरोवर पर स्थित सात झीलें। जागरण

अब तक सेल्हा गांव वाले प्रवेश द्वार पर पार्किंग का अभाव था। पार्किंग की मुकम्मल व्यवस्था न होने के कारण यहां आने वाले आम पर्यटकों को वाहन खड़े करने में समस्या थी।

इस पर्यटन सत्र में सेल्हा गांव स्थित द्वार पर एक सुव्यवस्थित पार्किंग बनाई जाएगी। चूका बीच पर पर्यटकों के बढ़ते भारी दबाव को कम करने के लिए बीते वर्षों में सप्त सरोवर पर ठहरने के लिए ईको-फ्रेंडली हट्स भी बनाई गई थीं।

विस्तार करते हुए आधुनिक कांफ्रेंस हाल कम गेदरिंग एरिया भी बनाया जा रहा है। 50 लोग की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक हाल का उपयोग विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।

इसके अलावा, पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने के लिए यहां डारमेट्री के निर्माण के साथ-साथ सभी हटों को पूरी तरह से वातानुकूलित बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। इन सुविधाओं के विकसित होने से पीटीआर में पर्यटन का दायरा और अधिक विस्तृत होगा तथा पर्यटकों को एक नया अनुभव मिलेगा।

 

पीटीआर का बीता पर्यटन सत्र पर्यटकों की संख्या के साथ ही साइटिंग के मामले में भी काफी सफल रहा। आगामी पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रयास है कि पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान किया जाए। इसके तहत सप्त सरोवर पर सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बाघ की दहशत के बीच वन विभाग के पहरे में हो रही धान की कटाई, हाथियों और थर्मल ड्रोन से तलाश जारी