विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघों के जंगल में मिला अनोखा शिकारी, पानी में गोता लगाकर करता है शिकार; खूबियां जानकर हो जाएंगे हैरान

Published: Wed, 21 Oct 2026 02:09 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक दुर्लभ फिशिंग कैट प्रजाति पाई गई है, जो पानी में गोता लगाकर मछलियों का शिकार ...और पढ़ें

फिशिंग कैट

फिशिंग कैट

HighLights

  1. पीटीआर में इस प्रजाति के लिए संरक्षण के लिए वन विभाग कर रहा प्रयास

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर बाघों की बढ़ती संख्या और समृद्ध जैव विविधता के लिए विश्व विख्यात है। तराई के इस जंगल में बाघ, तेंदुए, भालू और दुर्लभ पक्षियों के साथ एक रहस्यमयी जीव भी मौजूद है। यह दुर्लभ जीव है फिशिंग कैट, जो अपनी अनोखी शिकार शैली के लिए जानी जाती है।

यह प्रजाति पीटीआर के दलदली और जलमग्न इलाकों में पाई जाती है। यह बिल्ली ईकोसिस्टम के संतुलन में अहम भूमिका निभाती है। पीटीआर में इनकी अच्छी संख्या पाई जाती है।

पीटीआर का तराई क्षेत्र नदियों, तालाबों और दलदली जमीन से भरा है, जो इस बिल्ली के लिए उपयुक्त प्राकृतिक आवास है। हाल के वर्षों में शारदा नदी के किनारों और जलमग्न क्षेत्रों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई है।

आकार में यह सामान्य घरेलू बिल्ली से लगभग दोगुनी होती है। आमतौर पर बिल्लियां पानी से दूर भागती हैं, लेकिन फिशिंग कैट पानी में उतरकर शिकार करने में माहिर होती है।

इसके पैरों की उंगलियों के बीच झिल्लीदार खाल होती है, जो इसे पानी में तैरने और कीचड़ में चलने में मदद करती है। इसके शरीर पर मौजूद काले धब्बे और धारियां इसे घनी झाड़ियों में छिपने में सहायता करते हैं।

इस बिल्ली के शिकार का तरीका बेहद रोचक है। यह पानी की सतह पर अपने पंजों से हल्की थपकी देती है, जिससे मछलियों को कीड़ा गिरने का भ्रम होता है। मछली के पास आते ही यह गोता लगाकर उसे पकड़ लेती है।

मछलियों के साथ यह मेंढक, केकड़े और छोटे पक्षियों का भी शिकार करती है। बीते कुछ सत्रों में इसकी कई बार साइटिंग हुई है दलदली जमीनों के कम होने और मानव गतिविधियों के कारण यह दुर्लभ प्रजाति संकटग्रस्त है।

डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि तराई क्षेत्र अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है और यहां मौजूद हर जीव हमारे ईकोसिस्टम की एक अहम कड़ी है।

फिशिंग कैट जैसे दुर्लभ जीव का संरक्षण तराई की प्राकृतिक संपदा को बचाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। वन विभाग इस दुर्लभ प्रजाति और इसके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

यह भी पढ़ें- अब पीलीभीत-दुधवा जाने की जरूरत नहीं! UP के इस जिले में बनेगी भव्य लेपर्ड सफारी, 4000 बीघा जंगल में बसेगी वन्यजीवों की दुनिया