विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बड़ा बदलाव: अब सप्त सरोवर में मिलेंगे AC हट, ऑनलाइन बुकिंग और सफारी के नए नियम लागू

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:27 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें सप्त सरोवर में ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. ऑनलाइन बुकिंग के लिए 50 फीसदी वाहन रिजर्व

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिहाज से बुधवार को लखनऊ स्थित वन विभाग मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई थी। वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना और वन राज्यमंत्री केपी मलिक की अध्यक्षता में संपन्न हुई पीलीभीत टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन (पीटीसीएफ) के शासी निकाय की तीसरी बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान वन मंत्री ने अधिकारियों को सप्त सरोवर और बाराही सफारी गेट समेत पूरे पीटीआर में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान विकास कार्यों के लिए 1.96 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी गई है।

बैठक में पीटीआर की बाराही रेंज स्थित सप्त सरोवर को पर्यटकों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस पर्यटन सत्र से सप्त सरोवर में बनी हटों में ठहरने वाले पर्यटकों को वातानुकूलित एसी सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

वहीं, अब तक यहां ठहरने के लिए केवल आफलाइन बुकिंग की ही व्यवस्था थी। लेकिन इस सत्र से इसे आनलाइन प्रणाली से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इससे दूर-दराज से आने वाले पर्यटक आसानी से अपनी बुकिंग सुनिश्चित कर सकेंगे।

बीते पर्यटन सत्र में खोले गए बाराही सफारी गेट पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव का संज्ञान लेते हुए वन राज्यमंत्री ने अधिकारियों को सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

वर्तमान में इस गेट पर पर्यटकों के लिए न तो कोई कैंटीन है और न ही बैठने के लिए कोई शेड या विश्रामालय। ऐसे में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस सत्र में बाराही गेट पर इन सभी आवश्यक सुविधाओं का तेजी से विकास किया जाए। जिससे पर्यटकों को कोई असुविधा न हो।

ऑनलाइन बुकिंग के लिए वाहन रिजर्व

पीटीआर में सफारी बुकिंग व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है। अब कुल सफारी वाहनों में से 50 फीसदी वाहन आनलाइन बुकिंग के लिए आरक्षित रखे जाएंगे।

इससे पहले वन निगम की ओर से संचालित केवल पांच वाहन ही ऑनलाइन बुक किए जाते थे। वीआईपी पर्यटकों और अधिकारियों की आवाजाही के कारण ये पांच वाहन अक्सर फुल रहते थे। नई व्यवस्था से बाहरी पर्यटकों को सफारी का आनंद लेने में काफी सुविधा होगी।

कैमरा फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं

फाउंडेशन की बैठक में सफारी शुल्क को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। सप्ताहांत के दौरान सफारी करने वाले भारतीय पर्यटकों के शुल्क में 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों के शुल्क में 200 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है।

हालांकि, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटकों को राहत दी गई है। उनके लिए कैमरा फीस में किसी भी प्रकार का इजाफा नहीं किया गया है। यह फीस पूर्व की भांति भारतीय पर्यटकों के लिए 300 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 800 रुपये ही निर्धारित रहेगी।

 

हाल ही में आयोजित हुई बैठक में पीटीआर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से कई निर्णय लिए गए हैं। आगामी सत्र को सर्वाधिक सफल बनाने के लिहाज से हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसको लेकर सभी तैयारियों को भी शुरु कर दिया गया है।

- मनीष सिंह, डीएफओ, पीटीआर


यह भी पढ़ें- पीलीभीत में जंगल भी नहीं रोक पा रहा तेंदुओं की राह: रेस्क्यू के बाद फिर लौटे गांव, पिंजरे भी साबित हो रहे नाकाम