एक नवंबर को खुल सकता है चूका पर्यटन स्थल
टाइगर रिजर्व का प्रमुख पर्यटन केंद्र चूका स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा जा रहा है। दुधवा नेशनल पार्क की भांति चूका को भी पहली नवंबर से पर्यटकों के लिए खोलने की संभावना जताई जा रही है।
पीलीभीत,जेएनएन : टाइगर रिजर्व का प्रमुख पर्यटन केंद्र चूका स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा जा रहा है। दुधवा नेशनल पार्क की भांति चूका को भी पहली नवंबर से पर्यटकों के लिए खोलने की संभावना जताई जा रही है।
पीलीभीत का प्रमुख पर्यटन स्थल चूका स्पॉट वैसे तो हर वर्ष 15 नवंबर से ही पर्यटकों के लिए खुलता रहा है। इस सीजन में पर्यटकों के लिए 15 दिन पहले चूका स्पॉट के भी खुलने की संभावना नजर आ रही है। चूका स्पॉट को नया लुक देने के लिए कराए जा रहे कार्यो को भी तेजी से पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से वार्ता की गई है। अभी पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम के लिए हटें तैयार नहीं हो सकी हैं। पर्यटक फिलहाल अभी सैर सपाटा का ही आनंद ले सकेंगे। चूका स्पॉट देशी और विदेशी पर्यटकों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। हर साल हजारों की संख्या में देश- विदेश से पर्यटक चूका स्पॉट की सैर करने आते रहे हैं। महोफ रेंज के घने जंगल के बीच शारदा सागर डैम के तट पर बना चूका स्पॉट प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। इस साल में कोरोना महामारी ़फैलने के कारण सभी टाइगर रिजर्व मार्च माह में ही बंद कर दिए गए थे। जिससे विभाग को लाखों की आय से वंचित होना पड़ा चूका स्थल को आकर्षक एवं पर्यटकों की सुविधाओं के लिए करीब सवा दो करोड़ रुपये की धनराशि से कई कार्य सीएनडीएस संस्था द्वारा कराया जा रहे है। चूका स्पॉट पर कार्य करा रही संस्था 15 नवंबर को ध्यान में रखते हुए कार्यो को पूरा करने के लिए काम करा रही थी लेकिन एक नवंबर से पर्यटन सीजन शुरू होने की संभावना के मद्देनजर निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। महोफ के वन क्षेत्राधिकारी आरिफ जमाल ने बताया कि जंगल के सभी मुख्य मार्गो की मरम्मत करा दी गई है। लगभग सभी तैयारियां एक नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
इनसेट
पुरानी हटों को दिया जा रहा नया रूप
चूका स्पॉट पर रात्रि विश्राम के लिए चार थारू हट वर्षो पहले बनाई गई थी। इनकी बुकिग ऑनलाइन होती है। अब इन सभी को तोड़कर नई तकनीक के साथ सुविधा जनक व आकर्षक बनाया जा रहा है। पहले से इनका साइज भी बड़ा किया गया है।
इनसेट
डैम में बनाई जा रही जेटी
चूका स्पॉट पर बने ट्री हट के करीब डैम की ओर जाने के लिए करीब 12 फुट चौड़ा रैंप बनाने का कार्य चल रहा है। रैंप के आगे मोटरबोट तक पहुंचने के लिए फ्लोटिग जेटी बनेगी। इसके अलावा चूका स्पॉट पर म्यूजियम हाल में पर्यटकों को लुभाने के लिए दीवारों पर तरह तरह के वन्यजीवों व पक्षियों आदि की आकृतियां उकेरी जा रही हैं। जिन्हें पेंट कर आकर्षक बनाया जाएगा। इनसेट
टाइगर रिजर्व के सहायक वनाधिकारी उमेश चंद्र राय ने बताया कि रात्रि विश्राम की सुविधा तैयारियां पूरी हो जाने के बाद मिलने लगेगी। चूका स्पॉट भी संभवत: एक नवंबर से पर्यटकों के लिए खुल सकता है।