पीलीभीत मेले के झूले पर युवक का रोंगटे खड़े करने वाला स्टंट! सोशल मीडिया पर फोटो वायरल, पुलिस हरकत में
पीलीभीत के रामलीला मेले में एक युवक द्वारा झूले पर खतरनाक स्टंट करने का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो ...और पढ़ें

रामलीला में लगे झूले पर स्टंट करता युवक। स्रोत इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। शहर के रामलीला मैदान में लगे मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां लगे बड़े झूले पर एक युवक के खतरनाक स्टंट करने का फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। फोटो में युवक झूले पर पूरे चक्कर के दौरान स्टंट करता नजर आ रहा है।
ऐसे में जरा सी चूक युवक की जान पर भारी पड़ सकती है। इसके बावजूद झूले पर इस तरह की गतिविधियां होना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रसारित फोटो मंगलवार रात का बताया जा रहा है।
मेले में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के बीच झूले पर इस तरह का जोखिम भरा स्टंट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। खासकर झूले के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी होने पर युवक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पहले गजरौला कलां क्षेत्र में मेले के दौरान झूले में लगी सरिया टूटने से हादसा हो गया था। उस घटना में तीन बच्चे घायल हुए थे। इसके बावजूद मेलों में झूलों की सुरक्षा और उन पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब रामलीला मैदान में युवक के स्टंट का फोटो प्रसारित होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
सवाल यह है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था की खामियों पर ध्यान दिया जाएगा या समय रहते ऐसे खतरनाक स्टंट पर रोक लगाई जाएगी?
