विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत: गन्ने के खेत में बिखरी मिलीं हड्डियां, पर्स और आधार कार्ड से खुली 4 महीने पुराने लापता धनीराम के राज की परतें

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:13 PM (IST)

पीलीभीत में चार महीने से लापता धनीराम का कंकाल गन्ने के खेत में मिला, जिसकी पहचान आधार कार्ड और कपड़ों ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। चार महीने से लापता धनीराम की तलाश बुधवार को गन्ने के खेत में मिले कंकाल के साथ खत्म हो गई। अमरिया-बिलासपुर मार्ग पर शराब की भट्टी से करीब 100 मीटर दूर खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों को अलग-अलग जगह हड्डियां बिखरी मिलीं।

कुछ दूरी पर सिर का कंकाल पड़ा था। पास ही मिले कपड़ों में आधार कार्ड, पर्स और मोबाइल मिलने से मृतक की पहचान हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

अमरिया के बिलासपुर गांव निवासी धनीराम (36) पुत्र गेंदनलाल 24 जून को घर से नाराज होकर निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। स्वजन ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

छह दिन बाद उसकी पत्नी रेखा ने अमरिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को गांव के मलकीत सिंह के खेत में मजदूर गन्ने की छिलाई कर रहे थे।

इसी दौरान उन्हें खेत में जगह-जगह हड्डियां बिखरी दिखाई दीं। पास ही सिर का कंकाल और पैंट-शर्ट पड़ी थीं। मजदूरों ने खेत स्वामी को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कपड़ों की तलाशी लेने पर पर्स, मोबाइल और आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर धनीराम की पहचान हुई। मौके पर पहुंचे उसके भाई गेंदनलाल ने भी कपड़ों से उसकी पहचान की।

गेंदनलाल ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी था और अक्सर अमरिया-बिलासपुर मार्ग स्थित शराब की भट्टी पर जाता था। वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।

चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके लापता होने के बाद से स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। कंकाल मिलने की जानकारी पर पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्वजन ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।

सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि परिजनों ने मौके पर पहुंचकर कपड़ों की पहचान की है। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में SIR में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन: पूरनपुर व अमरिया SDM हटाए गए, 4 तहसीलों में नए अफसर तैनात