पीलीभीत में कॉलेज की छात्राओं के लिए जल्द शुरू होगी पिंक बस सेवा, सफर होगा सुरक्षित
पीलीभीत से बरेली के कॉलेजों में पढ़ने जाने वाली छात्राओं के लिए जल्द ही पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
पीलीभीत से बरेली जाने वाली छात्राओं को मिलेगी सुविधा।
पिंक बस सेवा से छात्राओं की सुरक्षा होगी सुनिश्चित।
उच्चाधिकारियों ने प्रस्ताव पर जताई सहमति, जल्द होगी शुरुआत।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। शहर और देहात क्षेत्र से बरेली के कॉलेजों में पढ़ने जाने वाली छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी पढ़ाई के लिए पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। इससे छात्राओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
एआरएम विपुल पाराशरी ने बताया द रूट क्लब सामाजिक संस्था के जिला अध्यक्ष अरीब अहमद वारसी और शिवम कश्यप ने एक ज्ञापन देकर छात्राओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने की मांग की थी।
ज्ञापन में कहा गया था कि पीलीभीत से बड़ी संख्या में छात्राएं बरेली के विभिन्न महाविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने जाती हैं। बसों में भीड़ और अन्य समस्याओं के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उच्चाधिकारियों से वार्ता की है।
अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है और जल्द ही इस सेवा को शुरू करने का आश्वासन दिया है। एआरएम ने बताया कि पिंक बस सेवा शुरू होने से छात्राओं की शिक्षा में आने वाली रुकावटें काफी हद तक कम हो जाएंगी।
छात्राएं समय से और सुरक्षित तरीके से अपने कालेज पहुंच सकेंगी। यह पहल महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को भी मजबूती देगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में सुबह-सुबह हत्या: 20 साल पुरानी रंजिश में बांक से काट दिया, गांव में तनाव के बाद PAC तैनात
