विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टोल दिया फिर भी मिली मौत: NH-30 पर 10 किमी में सैकड़ों गड्ढे, अप्सरा पुल के 1 फीट गहरे गड्ढे ने ले ली एक और जान

Published: Tue, 20 Oct 2026 04:48 PM (IST)

पीलीभीत में NH-30 पर गहरे गड्ढों के कारण एक महिला की जान चली गई, जब उसकी बाइक अप्सरा पुल पर ...और पढ़ें

सितारगंज हाईवे पर अप्सरा नदी के पुल पर हुए गहरे गड्ढे। जागरण

सितारगंज हाईवे पर अप्सरा नदी के पुल पर हुए गहरे गड्ढे। जागरण

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। जिम्मेदारों की अनदेखी मीरापुर गांव के एक परिवार के लिए काल बन गई। इस परिवार की त्योहारों की खुशियां मातम में बदल चुकी हैं। रविवार को जहानाबाद के समीप सितारगंज हाईवे पर अप्सरा नदी पुल पर हुए गहरे गड्ढे में बाइक फिसलने से एक महिला की मृत्यु हो गई।

इस हादसे के बाद जब एक आम राहगीर के नजरिए से इस हाईवे के सफर को देखा, तो हालात बेहद भयावह नजर आए। केवल अप्सरा पुल ही नहीं पूरे हाईवे पर ही सफर करना जोखिम भरा है।

हाईवे पर 10 किमी के हिस्से में ही सैकड़ों गड्ढे हो चुके हैं। अगर समय रहते जिम्मेदार नहीं चेते तो हर पल किसी बड़े हादसे का खतरा मंडराता रहेगा।

19PIL_M_40_19102026_473

शहर समेत आसपास के इलाकों को सीधे उत्तराखंड से जोड़ने वाला एनएच-30 बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 2012-13 में इसे सिंगल लेन से टू-लेन किया गया था। लेकिन, आज हालात बदतर हो चुके हैं।

सफर की शुरुआत शहर के जेएमबी तिराहे से होती है। हाईवे पर दाखिल होते ही इसकी असली दुर्दशा सामने आ जाती है। सड़क पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हैं कि यह किसी भी सूरत में हाईवे लगता ही नहीं।

शहर से मात्र तीन किलोमीटर दूर लालपुर चौराहे तक पहुंचने में ही हिचकोले खाकर राहगीरों का शरीर दर्द करने लगता है। ऐसा महसूस होता है मानो किसी सुदूर और पिछड़े क्षेत्र की जर्जर सड़क पर सफर कर रहे हों।

इस खस्ताहाल सड़क पर दोपहिया वाहन से सफर करना सबसे जोखिम भरा है। सड़क पर हुए बड़े गड्ढों से बचने के लिए डंपर और बस जैसे भारी वाहन अचानक अपनी लेन बदल लेते हैं।

भारी वाहनों के अचानक मुड़ने से बाइक सवार अक्सर अपना संतुलन खो बैठते हैं। लालपुर चौराहे से जहानाबाद कस्बे की ओर बढ़ने पर अप्सरा नदी का पुल आता है। पुल के ऊपर करीब एक फुट गहरे गड्ढे हो चुके हैं।

रविवार को इन्हीं जानलेवा गड्ढों में से एक में बाइक का पहिया फंसा था, जिससे महिला गिरकर हादसे का शिकार हो गई। इस पुल से गुजरते समय हर राहगीर समस्या से जुझता है।

अप्सरा पुल पार करने के बाद भी आपको राहत नहीं मिलेगी। जहानाबाद कस्बे से अमरिया तक का सफर और भी जोखिम भरा है। करीब 10 किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में राहगीरों को सैकड़ों गड्ढों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।

हाईवे पर सफर करने का यह अनुभव किसी खतरनाक आफरोडिंग ट्रिप जैसा ही है। हाईवे पर सुगम सफर के लिए टोल अदा करने के बावजूद ऐसी स्थिति राहगीरों के साथ छलावा साबित हो रही है।

 

साइक्लोन की वजह से गड्ढों को भरवाने का काम बाधित हो गया था, जिसको कुछ दिनों के अंदर ही दुरुस्त करा दिया जाएगा। मरम्मत का काम प्रारंभ करा दिया गया, जल्द ही सफर सुगम होगा।

- अभय भूषण, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ


यह भी पढ़ें- पीलीभीत में दर्दनाक हादसा: गुब्बारे बेचकर घर लौट रहे साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत