विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत में दर्दनाक हादसा: गुब्बारे बेचकर घर लौट रहे साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत

Published: Mon, 19 Oct 2026 01:24 PM (IST)

पीलीभीत के बीसलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामासरे की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने साइकिल ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बीसलपुर के रामलीला रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार गुब्बारा विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजन के अनुसार, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बीसलपुर के गजरौला निवासी 39 वर्षीय रामासरे गुब्बारे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि वह रविवार को आसपास के गांवों में गुब्बारे बेचने के लिए साइकिल से निकले थे।

शाम को घर लौटते समय वह रामलीला रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घायल की पहचान कर स्वजन को जानकारी दी और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन के अनुसार, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रामासरे ने दम तोड़ दिया।

उनकी मौत की सूचना मिलने पर स्वजन बिलख पड़े। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: चचेरे भाई पर भाभी की अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप, ब्लैकमेल कर बना रहा था इस काम का दबाव