विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्दी का रौब! बस में चढ़ते ही परिचालक पर भड़कीं महिला SI, नवाबगंज चौकी में ले जाकर पीटने का आरोप; वीडियो वायरल

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:36 PM (IST)

पीलीभीत के नौगवां चौराहे पर एक महिला एसआई और रोडवेज बस परिचालक के बीच विवाद हो गया। परिचालक ने एसआई ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. नौगवां चौराहे पर सवारियों को बैठाने के दौरान महिला एसआइ और परिचालक में हुआ विवाद

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। नौगवां चौराहे पर रोडवेज बस में सवार होने के बाद महिला एसआई और परिचालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और बस में हंगामा होने लगा। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। परिचालक ने महिला एसआई पर वर्दी का रौब दिखाकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है।

वहीं, परिचालक ने नवाबगंज में पुलिस चौकी पर ले जाकर मारपीट करने और जबरन हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

रोडवेज बस के परिचालक अरुण कुमार के अनुसार, वह नौगवां चौराहे पर बरेली जाने वाली बस में सवारियां बैठा रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइंस में तैनात महिला एसआई बरेली जाने के लिए बस में सवार हो गईं।

परिचालक ने बताया कि बस में सवारियां कम थीं, इसलिए वह यात्रियों को बैठाने के लिए रुके थे। एसआई ने बस जल्द चलाने के लिए कहा। परिचालक ने सवारियां बैठने के बाद बस आगे बढ़ाने की बात कही।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान बस में काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिचालक अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि बस को बरेली के लिए रवाना करने के बाद बरेली के नवाबगंज पहुंचने पर उसे रुकवा लिया।

वहां चौकी पुलिस उसे उतारकर अपने साथ ले गई और बंद कर दिया। परिचालक का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और जबरन हस्ताक्षर कराकर लिखवा लिया गया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। परिचालक ने मामले की जानकारी अपने संगठन के पदाधिकारियों को दी है। उसने संबंधित एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाने की बात कही है। इसके लिए वह जिलाधिकारी से भी मुलाकात करेगा।

 

उन्हें मामले की जानकारी मिली है। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। रोडवेज कर्मचारी संगठन की ओर से कार्रवाई की मांग किए जाने की सूचना मिली है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी।

- विपुल पाराशरी, एआरएम


यह भी पढ़ें- पीलीभीत में वोटर लिस्ट में बड़ा खेल: 2 SDM पर FIR, 16 हजार से ज्यादा वोटों में हेरफेर का आरोप