विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत में मजाक करना पड़ा भारी: राइस मिल में तंज कसने पर विवाद, युवक का बांका से गला काटकर कत्ल

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:54 PM (IST)

पीलीभीत में राइस मिल में मजाक के दौरान तंज कसने पर हुए विवाद में एक युवक अरबाज की बांका से ...और पढ़ें

गांव पहुंचकर जांच करते एएसपी हिमांशु गौरव और इनसेट में मृतक अरबाज की फाइल फोटो

गांव पहुंचकर जांच करते एएसपी हिमांशु गौरव और इनसेट में मृतक अरबाज की फाइल फोटो

HighLights

  1. गांव लौटने पर आरोपित ने दरवाजे पर घेरकर किया हमला

संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत)। मजाक के दौरान तंज कसने पर हुए विवाद में गुरुवार को युवक की हत्या कर दी गई। वह गुरुवार को चचेरे भाई के साथ जा रहे थे। रास्ते में आरोपित शहबाज ने उन्हें अपने दरवाजे पर घेरकर पीटा। आरोप है कि उसने बांका से हमला कर गला काट दिया।

उसके पिता शकील उर्फ गुड्डू व भाई शेरखान ने भी डंडे से हमला किया। इन तीनों आरोपितों के विरुद्ध पूरनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शाम को मुख्य आरोपित शहबाज को गिरफ्तार कर लिया गया।

रम्पुरा तालुके महाराजपुर गांव गांव में रहने वाले अरबाज हाईवे स्थित गणपत राइस मिल में पल्लेदारी करते थे। उनके स्वजन के अनुसार, पड़ोसी शहबाज भी उनके साथ पल्लेदारी करता था।

गुरुवार सुबह को दोनों में हंसी-मजाक हो रहा था, उसी में अरबाज ने तंज कस दिया। इससे बौखलाए शहबाज ने उन्हें धमकी दी। उस समय अन्य मजदूरों से बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

दोपहर को सभी लोग खाना खाने घरों पर चले गए। दोपहर दो बजे अरबाज अपने चचेरे भाई अकरम के साथ दोबारा राइस मिल जाने के लिए घर से निकले। रास्ते में शहबाज का घर है। वह पहले से घात लगाए बैठा था।

जैसे ही अरबाज वहां पहुंचे, शहबाज ने घेर लिया। उसके परिवार के सदस्य भी आ गए। उन सभी ने मारपीट की। इतने में शहबाज के कहने पर परिवार की युवती घर से बांका उठा लाई।

शहबाज ने उसी से अरबाज की गले पर प्रहार किया। उसकी मौके पर मौत हो गई। उनके चचेरे भाई चीखते हुए घर की ओर भागे। उनकी सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे, इस बीच आरोपित भाग चुके थे। अकरम ने बताया कि शहबाज की बहन बांका लेकर आई थी।

गांव पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने स्वजन से घटनाक्रम की जानकारी ली। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि अरबाज के पिता मुन्ना खान की तहरीर के आधार पर शहबाज समेत तीन आरोपितों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।

 

हत्यारोपित शहबाज ने स्वीकारा कि राइस मिल में दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद में उसने घर आने के बाद अरबाज पर हमला कर दिया। शेष दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना के अन्य कारणों की भी जांच करा रहे हैं।

- हिमांशु गौरव, अपर पुलिस अधीक्षक, पीलीभीत


यह भी पढ़ें- पीलीभीत में वोटर लिस्ट में बड़ा खेल: 2 SDM पर FIR, 16 हजार से ज्यादा वोटों में हेरफेर का आरोप