करवा चौथ पर राजस्थानी और पाकिस्तानी मेहंदी का क्रेज, पार्लरों में 500 से 5000 रुपये तक के स्पेशल पैकेज
पीलीभीत में करवाचौथ के लिए महिलाओं में भारी उत्साह है, जिसके चलते ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।

राजस्थानी और पाकिस्तानी मेहंदी का क्रेज।
HighLights
करवाचौथ के लिए पीलीभीत में ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग।
राजस्थानी और पाकिस्तानी मेहंदी डिजाइनों की महिलाओं में भारी मांग।
एचडी मेकअप और आकर्षक ब्यूटी पैकेज भी उपलब्ध कराए जा रहे।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। सुहागिनों के सबसे बड़े और पवित्र त्योहार करवाचौथ को लेकर शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए रखे जाने वाले इस निर्जला व्रत में विधिवत पूजन के साथ-साथ सजने-संवरने का भी विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि त्योहार से कई दिन पहले ही शहर के बाजारों में खासी रौनक लौट आई है और ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी है।
त्योहार के दिन किसी भी तरह की जल्दबाजी या लंबे इंतजार से बचने के लिए महिलाओं ने अभी से ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग कराना शुरू कर दिया है। मेकअप से लेकर मनपसंद मेहंदी लगवाने तक के लिए पार्लरों में समय तय किया जा रहा है।
पार्लर संचालकों ने भी महिलाओं की इस बढ़ती मांग और त्योहारी सीजन की भीड़ को देखते हुए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर की ब्यूटी पार्लर संचालिका सुनीता ने बताया कि करवाचौथ के मौके पर विशेष आफर दिए जा रहे हैं और ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्लर में अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। जिससे सभी महिलाओं को समय पर बेहतरीन सेवाएं मिल सकें।
इस बार त्योहार पर महिलाओं में राजस्थानी और पाकिस्तानी मेहंदी डिजाइनों का क्रेज देखा जा रहा है। इसके अलावा अरबी और मारवाड़ी डिजाइन भी महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। मेहंदी की कीमत उसकी डिजाइन और जटिलता के आधार पर तय की जा रही है, जिसके लिए महिलाएं 1,200 रुपये से लेकर छह हजार रुपये तक खर्च कर रही हैं।
करवाचौथ पर आकर्षक दिखने के लिए महिलाओं में एचडी मेकअप की मांग सबसे अधिक है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पार्लर संचालकों ने बजट के अनुसार कई विशेष पैकेज भी शुरू किए हैं। इन पैकेजों की बात करें तो पार्लर में 500 रुपये में बेहतरीन हेयर स्टाइल दी जा रही है। वहीं, 1,499 रुपये में ब्लीच, ग्लो फेशियल, हैंड वैक्स व थ्रेडिंग का पैकेज उपलब्ध है। यदि कोई महिला 3,999 रुपये का पैकेज लेती है, तो उसमें विटामिन सी फेशियल, हैंड वैक्स और थ्रेडिंग की सुविधाएं शामिल की गई हैं।
प्रीमियम ग्राहकों के लिए 4,999 रुपये का विशेष पैकेज भी है, जिसमें कैसमरा फेशियल, मैनीक्योर-पेडीक्योर, हेयर स्पा और थ्रेडिंग शामिल है। पार्लर संचालकों का कहना है कि दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता और सुविधाओं के अनुसार कीमतों में बदलाव भी हो सकता है।
