विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आवारा सांड का खौफ: बाइक से काम पर जा रहे 40 वर्षीय किसान को मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Published: Sat, 22 Aug 2026 02:45 PM (IST)

पीलीभीत में तिलछी से करेली मार्ग पर आवारा सांड की टक्कर से 40 वर्षीय किसान गुरमीत सिंह की दर्दनाक मौत ...और पढ़ें

मृतक गुरमीत सिंह

मृतक गुरमीत सिंह

संवाद सूत्र, बिलसंडा (पीलीभीत)। करेली थाना क्षेत्र में एक बार फिर आवारा पशु का जहर देखने को मिला है। तिलछी से करेली मार्ग पर अनियंत्रित आवारा सांड से टकराकर 40 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हादसों के बाद हालात जस के तस हो जाते हैं।

गांव सिमरौली निवासी 40 वर्षीय गुरमीत सिंह किसी आवश्यक काम से तिलछी से करेली की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए आवारा सांड़ ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरमीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गए। सड़क पर तड़प रहे किसान को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उनकी प्राथमिक जांच के बाद हालत को अति-गंभीर देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। थाना प्रभारी विपिन शुक्ला ने बताया जिला अस्पताल के मीमो के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: देवर से प्रेम-प्रसंग, पति से कलह... विवाद के बाद विवाहिता ने खाया जहर, फैली सनसनी