पीलीभीत: ग्राम समाज की जमीन पर मस्जिद निर्माण का प्रयास, रात के अंधेरे में खड़े किए पिलर; पुलिस ने रुकवाया काम, हिरासत में आरोपित
पीलीभीत के बिक्रमपुर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर मस्जिद निर्माण का प्रयास किया गया। राजस्व और पुलिस टीम ...और पढ़ें

धार्मिक स्थल के निर्माण होने की सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम। जागरण
HighLights
राजस्व व पुलिस टीम ने रुकवाया निर्माण, पिलर हटवाकर जमीन समतल कराई
संवाद सूत्र बरखेड़ा (पीलीभीत)। ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति धार्मिक स्थल के निर्माण का प्रयास किया गया। मंगलवार रात अंधेरे में गड्ढे खोदकर पिलर खड़े किए जाने की जानकारी बुधवार सुबह दूसरे पक्ष को होने पर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर राजस्व और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से हो रहे निर्माण को रुकवाया।
लेखपाल कृष्ण कुमार सागर की शिकायत पर गांव के मोहम्मद फारूख, सोहरत मदार, शाकिर, इकबाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं पुलिस ने चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव बिक्रमपुर में गाटा संख्या 88 ग्राम समाज आबादी की भूमि है। आरोप है कि दुसरे समुदाय के कुछ लोगों ने मंगलवार रात भूमि पर धार्मिक स्थल निर्माण के लिए गड्ढे खोदकर पिलर भर दिए। बुधवार सुबह जब इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को हुई तो विरोध शुरू हो गया।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत राजस्व विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल कृष्ण कुमार सागर और बरखेड़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर निर्माण कार्य कर रहे लोग मौके से चले गए।
राजस्व टीम ने मौके पर पैमाइश कर जांच की तो भूमि ग्राम समाज की होना पाया गया। लेखपाल ने बताया कि शिकायत पर मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि गांव निवासी मोहम्मद फारूख, सोहरत मदार, शाकिर, इकबाल द्वारा रात में गड्ढे खोदकर पिलर खड़े किए गए थे।
इसके बाद लेखपाल और पुलिस की मौजूदगी में मजदूरों को बुलाकर पिलर हटवाए गए और जमीन को समतल कराया गया। लेखपाल कृष्ण कुमार सागर ने बताया कि गाटा संख्या 88 आबादी की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, जिसे रुकवाकर जमीन को पूर्व स्थिति में कर दिया गया है।
वहीं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। राजस्व विभाग ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति कोई निर्माण न किया जाए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि लेखपाल की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है।
