यूजीसी और एससी-एसटी एक्ट पर भड़का सवर्ण समाज: पीलीभीत में सड़क पर बैठकर लगाया जाम, माहौल तनावपूर्ण
पीलीभीत के बिलसंडा में सवर्ण समाज ने यूजीसी के नए प्रावधानों और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की मांग को लेकर ...और पढ़ें
HighLights
पुलिस से नोकझोंक के बाद कमल चौराहे पर लगाया जाम
बिलसंडा में बिना अनुमति डीजे बजाने पर अड़े प्रदर्शनकारी
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। बिलसंडा के कमल चौराहे पर बुधवार को उस समय खलबली मच गई जब यूजीसी के नए प्राविधानों को लेकर सवर्ण आर्मी के आह्वान पर सवर्ण समाज के सैकड़ों लोग शक्ति प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हो गए। आरक्षण खत्म करने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की मांग को लेकर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान पुलिस से प्रदर्शनकारियों की तीखी झड़प हो गई।
सवर्ण आर्मी ने शक्ति प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम के तहत जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही थी। बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग हाथों में झंडे-बैनर लेकर कमल चौराहे पर पहुंच गए।
इस दौरान बगैर अनुमति डीजे बजाने को लेकर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी अड़ गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया और भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरक्षण व्यवस्था से सवर्ण समाज के युवाओं के हितों पर कुठाराघात हो रहा है और एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने उक्त कानून को खत्म करने अथवा इसमें तत्काल सुधार करने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए बिलसंडा समेत कई थानों की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे ज्ञापन सौंपने और अपनी मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े रहे।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी चौराहे पर डटे हुए थे और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
यह भी पढ़ें- बाघ-तेंदुए-हाथी का खौफ तो सिर्फ बहाना निकला! पीलीभीत में इस 'साइलेंट किलर' ने ली 5 गुना ज्यादा जानें
