पीलीभीत: वाटर प्लांट लोन के नाम पर 5 हजार रिश्वत लेते सीनियर असिस्टेंट रंगे हाथ गिरफ्तार, बरेली एंटी करप्शन टीम का एक्शन
पीलीभीत में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली टीम ने जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को 5 हजार ...और पढ़ें

गिरफ्त में वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार
HighLights
बरेली की टीम ने दोपहर 12:20 बजे जिला उद्योग केंद्र में पकड़ा
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की बरेली टीम ने मंगलवार को जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वाटर प्लांट लगाने के लिए लोन स्वीकृत कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रकम मांगी गई थी।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर हुक्मी के निवासी सुरेंद्र कुमार ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी।
शिकायत का संज्ञान लेकर बरेली टीम ने जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में टीम ने पीलीभीत जिला उद्योग केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को रिश्वत लेते पकड़ा।
कार्रवाई दोपहर करीब 12:20 बजे की गई है। इसके बाद आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
इस बारे में जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त उद्योग आशीष गुप्ता ने कहना है कि उनको मामले की जानकारी बाद में हुई। आरोपित वरिष्ठ सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी की जाएगी।
शिकायत के लिए संपर्क करें
भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए पुलिस उपाधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली का मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली इकाई का नंबर 9454401653 जारी किया है।
