मां शैलपुत्री की उपासना को उमड़े श्रद्धालु
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में मां भगवती के दर्शन-पूजन को श्रद्धा का सैलाब नजर आया।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : शारदीय नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने मां भगवती के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री देवी की आराधना की। तमाम भक्तों ने अपने घरों पर कलश स्थापना करके पूरे नवरात्र उपवास रखने का संकल्प किया। देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। शहर में विभिन्न स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडालों में भी विधि-विधान से पूजन हुआ और भक्तों ने भजन गाते हुए माता का गुणगान किया।
रविवार को सुबह से ही सिद्धपीठ यशवंतरी देवी मंदिर पर पूजन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही यहां भीड़ बढ़ती गई। भक्तों को कतार में लगकर पूजन के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। निरंजन कुंज कॉलोनी स्थित महा मातेश्वरी मंदिर और गोदावरी एस्टेट कॉलोनी के मां दुर्गा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में भी तमाम भक्त पहुंचे। मुहल्ला खकरा स्थित उप डाकघर के सामने गली में सजे दुर्गा पूजा पंडाल में भी सुबह से ही भक्त एकत्र हुए और विधि विधान से पूजन किया। मुहल्ला ऊंचा में श्री शिव शक्ति मनोकामना मंदिर में सजे दुर्गा पूजा पंडाल में जय अंबे भक्त कमेटी के सदस्यों ने पूजन किया। पंडित चंद्र प्रकाश मिश्र ने विधि-विधान से हवन पूजन कर कलश स्थापना कराई। कार्यक्रम में राजेश कुमार, पूजा, जय सिंह, अनिल कुमार, सुनील, उत्कर्ष, अभिषेक, अजय राठौर, मन्नत, मंशा, परी समेत तमाम लोग शामिल रहे। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर छंद गाए। रेलवे कॉलोनी के मनोरंजन सदन में भी नवरात्र उत्सव शुरू हो गया है।
बीसलपुर में सुबह से ही नवरात्र के आरंभ होने पर श्रद्धालुओं ने हवन पूजन कर मां दुर्गा की पूजा करनी शुरू कर दी। जिसका सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। महिलाओं ने ढोल, मजीरे बजाकर देवी जी के छंद व गीत गाए। बड़ा देवी मंदिर में भी आज पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अन्य कई मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा अर्चना की।
दियोरिया क्षेत्र में नवरात्र प्रारंभ होते ही देवी मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा अर्चना करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही श्रद्धालु देवी मंदिरों में पूजा अर्चना करने आने लगे। जिसका सिलसिला पूरे दिन जारी रहा।