उठान न होने से मंडी में डंप हो रहा धान
पूरनपुर मंडी से उठान न होने के कारण हजारों क्विटल धान टीनशेड में लगा हुआ है। उठान व्यवस्था बेहद लचर होने से कई दिनों से धान पड़ा है।
जेएनएन, पीलीभीत: पूरनपुर मंडी से उठान न होने के कारण हजारों क्विटल धान टीनशेड में लगा हुआ है। उठान व्यवस्था बेहद लचर होने से कई दिनों से धान पड़ा है।
धान खरीद के लिए लगे क्रय केंद्रों पर इसबार परिवहन के ठेके बेहद लेट हुए हैं। अभी तक एग्रीमेंट किया जा रहा है। अधिकारियों की सख्ती के बाद क्रय केंद्रों पर खरीद काफी बढ़ गई है। धान की आवक व रोजाना अच्छी खरीद होने से मंडी में धान का स्टाक लग गया है। प्रत्येक केंद्र प्रभारी के यहां टीनशेड में हजारों क्विटल धान लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि ठेकेदारों की तरफ से उठान की व्यवस्था बेहद लचर है। अगर मौसम का रुख बदला तो काफी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लालचंद ने बताया कि ट्रांसपोर्ट व्यवस्था इसबार बेहद लेट शुरू हो पाई है। सभी ठेकेदारों को उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वाहनों के हिसाब से रोजाना उठान किया जा रहा है।