मस्जिदों के नजदीक मुस्तैद रही पुलिस
एक दिन पहले शहर में अचानक मुस्लिम समुदाय की तमाम महिलाओं ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में धरना शुरू कर दिया था। ऐसे में शुक्रवार को जुमा की नमाज के समय विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते प्रशासन व पुलिस के अधिकारी अलर्ट रहे। मस्जिदों के आसपास पुलिस मुस्तैद रही।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : एक दिन पहले शहर में अचानक मुस्लिम समुदाय की तमाम महिलाओं ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में धरना शुरू कर दिया था। ऐसे में शुक्रवार को जुमा की नमाज के समय विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते प्रशासन व पुलिस के अधिकारी अलर्ट रहे। मस्जिदों के आसपास पुलिस मुस्तैद रही। शाही जामा मस्जिद के बाहर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अधीक्षक दीक्षित भी मस्जिदों के आसपास तथा प्रमुख चौराहों पर भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
संसद से सीएए पारित होने के बाद शुरुआत में तो जिले में समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने विरोध किया था। बाद में इस कानून के प्रति जन जागरूकता अभियान विभिन्न स्तरों पर चलने से विरोध ठंडा पड़ गया था लेकिन गुरुवार को अचानक शहर के मुहल्ला शेर मोहम्मद स्थित जुगनू की पाकड़ के समीप एक स्थान पर सैकड़ों महिलाएं एकत्र हो गई और उन्होंने सीएए के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए धरना दिया था। बमुश्किल प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने इस धरने का खत्म कराया। शुक्रवार को किसी तरह के जोखिम से बचने के लिए नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात की गई। हालांकि कहीं भी कोई विरोध प्रदर्शन की स्थिति नहीं आई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह व सीओ सिटी प्रवीण सिंह मलिक शाही जामा मस्जिद के बाहर फोर्स के साथ मौजूद रहे। इस मस्जिद में बड़ी तादात में लोग जुमा की नमाज के लिए इकट्ठा होते हैं। अन्य मस्जिदों के आसपास भी पुलिस मौजूद रही। जिस स्थल पर गत दिवस महिलाओं ने धरना दिया था, वहां पर भी पुलिस की ड्यूटी लगाई गई जिससे वहां फिर लोग एकत्र न हो सकें।