अभियान : आजाद नहीं जिम्मेदार बने
आजादी मिली तो लोगों में गैर जिम्मेदारी का भाव बढ़ गया। नियमों की अनदेखी करना आदत में शुमार है।
पीलीभीत : आजादी मिली तो लोगों में गैर जिम्मेदारी का भाव बढ़ गया। नियमों की अनदेखी करना आदत में शुमार हो गया है। ऐसी आदतों को बदलना होगा, तभी हमारी आजादी सार्थक है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों के लिए भी जागरूक बनना होगा।
ट्रैफिक पुलिस से लेकर सामाजिक संस्थाएं तक इस बात के लिए जागरूकता अभियान चलाती रही हैं कि लोग दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अहमियत को समझे। अगर किसी हादसे का शिकार हो जाते हैं तो जान बची रहेगी लेकिन इसके बावजूद लोग प्राय: लापरवाह बने रहते हैं। यातायात पुलिस चे¨कग अभियान चलाती है, बगैर हेलमेट दुपहिया वाहन चलाते पकड़े जाने पर जुर्माना तो भर देते हैं लेकिन हेलमेट फिर भी नहीं खरीदते। यही हाल कार चलाने वालों का भी है। अगली सीट पर चालक व अन्य सवारी के लिए सीट बेल्ट बांधना आवश्यक है लेकिन लोग इसे अनदेखा कर जाते हैं। सरकार ने पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगा दिया। अब हमे भी इसके उपयोग का मोह छोड़ना पड़ेगा। तभी पॉलीथिन का प्रदूषण कम हो सकेगा। सरकार स्वच्छता की अलख जगा रही है लेकिन फिर भी लोग राह चलते कहीं पर भी कूड़ा फेंक देते हैं। सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी करना आदत बन गई है। इसे बदलना होगा, तभी स्वच्छता कायम होगी। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान वर्जित है लेकिन फिर भी देखा जाता है कि लोग किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धुआं उड़ाते देखे जा सकते हैं। सरकारी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अक्सर अपनी सीट से गायब हो जाते हैं। जरूरी कार्य के लिए पहुंचे लोगों को इंतजार करते हुए अपना वक्त बर्बाद करना पड़ता है। आजादी के साथ ही अपनी जिम्मेदारियों के प्रति भी संजीदा होंगे, तभी स्वतंत्रता सही अर्थों में मिल सकेगी।
-----------------