कर्मचारियों की मनमानी से सफाई व्यवस्था चौपट
बिलसंडा नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी का पद खाली होने से सफाई कर्मचारी मनमानी कर रहे है जिस कारण नगर में सफाई व्यवस्था बदतर होती जा रही है। मार्गो पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं ।
पीलीभीत,जेएनएन : बिलसंडा नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी का पद खाली होने से सफाई कर्मचारी मनमानी कर रहे है, जिस कारण नगर में सफाई व्यवस्था बदतर होती जा रही है। मार्गो पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं ।
नगर पंचायत बिलसंडा में सफाई कर्मचारियों की उदासीनता के चलते नालियां बजबजा रही हैं, जिससे जाहिर हो रहा है कि यहां पर कोई सफाई व्यवस्था नहीं है। संक्रमण फैलने की आशंका है। लोगों ने कई बार नगर पंचायत को इस बात की शिकायत भी की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया है। अगर इसी तरह गंदगी फैली रही तो नगर में संक्रामक रोग फैल सकते हैं। गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप इतना ज्यादा हो गया है जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। 22 सितंबर से अधिशासी अधिकारी नहीं है। इसी वजह से सफाई कर्मचारी मनमर्जी से काम करते हैं। मुहल्ला घस्सू गंज में कुछ दिन पहले सफाई कर्मचारियों व मुहल्ला वालों के बीच जमकर तीखी नोकझोंक हुई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष अटल सिंह जायसवाल ने बताया जहां पर गंदगी है वहां पर मैं खुद जाकर देख लूंगा सफाई कर्मचारियों को निर्देश है कहीं भी नगर में गंदगी न पाई जाए। नगर पंचायत की प्रभारी अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा का कहना है कि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी।
सफाई व्यवस्था का हाल काफी खराब है नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत करने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
दिनेश कुमार गुप्ता
शासन के कड़े निर्देश के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। स्थाई अधिशासी अधिकारी न होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
शालिनी जायसवाल
नाला व नालियों में कई महीनों से गंदगी पटी हुई है। सफाई कर्मी ध्यान नहीं दे रहे हैं। शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा है। रजत सागर