नेपाल से शारदा नदी पार कर भारतीय सीमा में घुसा 'बिन बुलाया मेहमान', पीलीभीत के ग्रामीणों में दहशत
नेपाल से शारदा नदी पार कर भारतीय सीमा में आ रहे गैंडे ने पीलीभीत के सीमावर्ती गांवों में दहशत फैला दी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नेपाल से गैंडा शारदा नदी पार कर भारतीय सीमा में पहुंचा।
गैंडा ढकिया तालुका महाराजपुर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग कर रहा निगरानी।
संवाद सहयोगी, संभल। सीमावर्ती इलाके में शारदा नदी के पार नेपाल से आने वाले गैंडे ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ढकिया तालुका महाराजपुर क्षेत्र में गैंडा पिछले कई दिनों से नेपाल के जंगलों से निकलकर पहुंच रहा है और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। गैंडे की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
कलीनगर तहसील क्षेत्र के सीमावर्ती ढकिया तालुका महाराजपुर में गैंडा प्रतिदिन नेपाल के जंगलों से शारदा नदी पार कर भारतीय सीमा में पहुंच रहा है। शुक्रवार रात भी गैंडे ने ढकिया तालुका महाराजपुर क्षेत्र में पहुंचकर खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया।
गैंडे की मौजूदगी की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए ग्रामीण रात में भी खेतों की निगरानी करने को मजबूर हैं। इस दौरान उनकी जान पर भी खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में गैंडे की दस्तक ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। गैंडे की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
