पूरनपुर के बाजार में घुसा नेपाल से भटका हाथी, गजराज को देख मार्केट में मची भगदड़, काबू पाने में जुटी वन विभाग की टीम
नेपाल से भटककर आया एक हाथी पीलीभीत के पूरनपुर बाजार में घुस गया, जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। वन ...और पढ़ें
-1793209606305_m.webp)
HighLights
नेपाल से भटककर हाथी पूरनपुर बाजार में घुसा।
हाथी को देख बाजार में लोगों में भगदड़ मची।
वन विभाग की टीम हाथी को खदेड़ने में जुटी।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। नेपाल से भटककर आए हाथियों का झुंड अब स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे यकायक एक विशालकाय हाथी पूरनपुर नगर के सबसे व्यस्ततम कोतवाली रोड पर आ धमका। बाजार और रिहायशी इलाके में हाथी को सड़क पर सरेआम चहलकदमी करता देख दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई।
हाथी के शहर में घुसने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर हाथी को आबादी से भगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच, घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और हाथी को सुरक्षित खदेड़ने की कवायद शुरू कर दी। देर रात तक वन विभाग के कर्मचारी हाथी को भगाने के लिए भारी जद्दोजहद करते रहे, लेकिन गजराज को आसानी से नहीं खदेड़ा जा सका। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है।
एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीमों को मौके पर मुस्तैद कर दिया गया है। हाथी को सुरक्षित वापस जंगल की ओर खदेड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
