Move to Jagran APP

सांसद वरुण गांधी ने की प्रथम प्रधानमंत्री की तारीफ, कहा- नेहरू जी ने अपने कटु आलोचक को लोकसभा का स्पीकर बनाया

एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की खूब तारीफ की। कहा कि उन्होंने अपने कटु आलोचक को लोकसभा का स्पीकर बनवा दिया था।

By Jagran NewsEdited By: Shivam YadavFri, 26 May 2023 07:45 PM (IST)
सांसद वरुण गांधी ने की प्रथम प्रधानमंत्री की तारीफ, कहा- नेहरू जी ने अपने कटु आलोचक को लोकसभा का स्पीकर बनाया
वरुण गांधी ने एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की खूब तारीफ की।

पीलीभीत, जागरण संवाददाता: एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की खूब तारीफ की। कहा कि उन्होंने अपने कटु आलोचक को लोकसभा का स्पीकर बनवा दिया था, जिन्हें लोकसभा का स्पीकर बनाने की घोषणा की थी, वह स्वयं हैरान रह गए थे।

शहर के स्प्रिंगडेल कॉलेज में आयोजित युवा उत्सव में बोलते हुए सांसद ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू उनके परनाना थे। वर्ष 1947 में जब पहली लोकसभा का गठन हुआ तो गणेश वासुदेव मावलंकर जी अध्यक्ष थे। कुछ दिन बाद उनका निधन हो गया, तब पंडित नेहरू ने अकाली दल के सदस्य सरदार हुकम सिंह का नाम लोकसभा स्पीकर के लिए प्रस्तावित कर दिया। इस पर सरदार हुकम सिंह नेहरू जी से मिले और हैरानी जताई। सरदार हुकम सिंह कहा कि छह महीने पहले उन्होंने नेहरू जी की कटु आलोचना की। उन्हें चीटर तक कहा, फिर उन्हें कैसे अध्यक्ष नामित कर दिया। 

सांसद ने बताया कि इस पर  पंडित नेहरू ने जवाब दिया था कि इस देश में बड़ा नेहरू-नेहरू चल रहा है। ऐसी स्थिति में बड़े पदों पर ऐसे लोग भी रहने चाहिए, जो नेहरू जैसी शख्सियत की आलोचना करने की कुव्वत रखते हों। 

सांसद ने युवा उत्सव के साथ ही बरखेड़ा और बीसलपुर में विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद किया। इस  दौरान उन्होंने कहा कि उनकी ताकत आम लोगों के लिए है। वह आम लोगों के हितों से जुड़े मुद्दे लगातार उठाते रहेंगे। 

किसानों की चर्चा करते हुए कहा कि बेमौसम की बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की दुर्दशा हुई है। कोविड काल में संविदा कर्मियों की उत्कृष्ट सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जो वादे किए गए, उन्हें पूरा नहीं किया गया।