भगवंतापुर रोड की नहीं हो रही मरम्मत
पीलीभीतजेएनएन काफी समय से उखड़े पड़े पूरनपुर भगवंतापुर मार्ग की मरम्मत नहीं हो पा रही
पीलीभीत,जेएनएन : काफी समय से उखड़े पड़े पूरनपुर भगवंतापुर मार्ग की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इसके चलते राहगीर दुश्वारियां भरा सफर तय करने को मजबूर हैं। मार्ग की मरम्मत नहीं हो रही है।
धनाराघाट मार्ग से भगवंतापुर को जाने वाला यह मार्ग मुहम्मदपुर, पिपरिया जयभद्र, गुलड़हा, भगवंतापुर, गौटिया, कंजाखेड़ा, पताबोझी, टांडा छत्रपति, भवानीगंज, रुद्रपुर आदि कई गांव को जोड़ता है। मार्ग पिछले काफी समय से जर्जर हालत में है। हाल ही में हुई बरसात का पानी सड़क के ऊपर से निकलने के कारण कई जगह गड्ढे बन गए हैं। मार्ग की पिछली बार मरम्मत की गई थी,लेकिन समतलीकरण अच्छे तरीके से न हो पाने के कारण राहगीर हिचकोले खाते हुए आवागमन कर रहे हैं। भगवंतापुर से टांडा छत्रपति तक मार्ग और भी बेहद खस्ता हालत में है। सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को आ रही है। धान, गेहूं भरे वाहनों का पलटने का खतरा बना रहता है। लोगों ने शीघ्र ही मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
यह मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। इसका विभाग को ध्यान देकर निर्माण कराना चाहिए जिससे इस मार्ग से जुड़े कई गांवों के लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मैकूलाल
पूरा मार्ग जर्जर अवस्था में है। अक्सर वाहन चालक गड्ढों की वजह से फिसल जाते हैं। कई बार ई-रिक्शा आदि वाहन पलट चुके हैं। फिर भी मरम्मत की तरफ विभाग का कोई ध्यान नहीं है।
रामभजन
इस आठ किमी मार्ग का हाटमिक्स से निर्माण किया जाना चाहिए। कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन करने को यह सुगम मार्ग है। जर्जर हालत में होने से राहगीर परेशान हो रहे हैं।
सतनाम
कई गांवों को जोड़ने वाला यह मार्ग किसानों, व्यापारियों और छात्रों के आवागमन के लिए मुख्य है। इस मार्ग की अनदेखी होने से यहां के लोगों में रोष देखा जा रहा है। शीघ्र ही मार्ग का निर्माण होना चाहिए।
तेजराम शर्मा भगवंतापुर मार्ग का कुछ हिस्सा प्रांतीय खंड में आता है। कुछ दूसरे खंड में है। अगर मार्ग जर्जर हालत में है तो इसकी जांच होगी। जर्जर पाने पर मरम्मत कराई जाएगी।
-हरस्वरूप,अधिशासी अभियंता
प्रांतीय खंड पीलीभीत