महंगाई कम हो, भ्रष्टाचार समाप्त हो
नगर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद में जागरूक नागरिकों ने दैनिक जागरण की पहल पर चुनावी चौपाल का आयोजन किया। देश में तेजी से बढ़ रही मंहगाई जनसंख्या वृद्धि व चाइनीज वस्तुओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने सहित कई मुद्दे उठाए गए।
बीसलपुर (पीलीभीत) : नगर के मुहल्ला दुर्गा प्रसाद में जागरूक नागरिकों ने दैनिक जागरण की पहल पर चुनावी चौपाल का आयोजन किया। देश में तेजी से बढ़ रही मंहगाई, जनसंख्या वृद्धि व चाइनीज वस्तुओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने सहित कई मुद्दे उठाए गए। राष्ट्र की सुरक्षा व शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार किए जाने की जरूरत पर भी खासा जोर दिया गया।चौपाल में चर्चा शुरू करते हुए मुहल्ले के जागरूक युवा महेंद्र कुमार ने कहा कि देश में तेजी से जनसंख्या वृद्धि हो रही है, इसीलिए महंगाई का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। इसी तरह आबादी बढ़ती रही आने वाले दिनों में लोगों के लिए रहने को भूमि मिलना भी मुश्किल हो जाएगी। सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए, जिससे जनसंख्या वृद्धि की दर में कमी आए। नवीन कुमार सक्सेना ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भले ही हमें आजादी मिल गई है परंतु गरीबी व बेरोजगारी जैसी समस्याओं ने आज भी हमारे चेहरे से मुस्कान छीन रखी है। कोई भी परिवार सुकून से नहीं रह पा रहा है। सरकार को इस दिशा में और प्रभावी कदम उठाने चाहिए। शिशुपाल सिंह ने कहा कि भारत में चीन द्वारा निर्मित वस्तुओं की बड़े पैमाने पर बिक्री हो रही है। हमारे देश की धनराशि चीन में जा रही है जो भारत को सम्मान की दृष्टि से नहीं देख रहा है। हम सभी को चाइनीज वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए। राजेश कुमार ने कहा कि राष्ट्र विरोधी ताकतें देश में लगातार आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में लगी हुई हैं। दिनेश शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा और कड़ा कानून बनाना चाहिए। रिश्वत लेने व रिश्वत देने वालों को इस कानून में कड़ी सजा देने का प्रावधान रखा जाए। मोहम्मद अशरफ, चंदन मौर्या, हरीशंकर मिश्र, पवन अग्रवाल, जोगेंद्र कश्यप, सुरेश सक्सेना, मायाराम शर्मा, जितेंद्र, मनोज कुशवाहा ने विचार व्यक्त किए।