तेंदुए ने पशुशाला से बकरी को उठाया, ग्रामीणों ने दौड़ाया
तेंदुए ने आधी रात को पशुशाला में घुसकर बकरी को दबोच लिया।
पूरनपुर (पीलीभीत) : तेंदुए ने आधी रात को पशुशाला में घुसकर बकरी को दबोच लिया। गृहस्वामी के शोर शराबा करने पर तेंदुआ बकरी को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। सूचना पर भी वनकर्मियों के मौके पर न पहुंचने पर लोगों ने वन विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया है। लगातार तेंदुए के हमले को लेकर ग्रामीण परेशान हैं।
कलीनगर तहसील क्षेत्र में बॉर्डर से सटे गांव में तेंदुए का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। तेंदुआ लगातार घर में घुसकर पालतू मवेशियों को निवाला बना रहे हैं। तेंदुए के हमले से आधा दर्जन गांव के लोग कड़ी मुसीबत का सामना कर रहे हैं। डर के चलते ग्रामीण सूर्य ढलने से पहले ही घरों में कैद हो जाते हैं। जान की परवाह को लेकर ग्रामीणों ने खेतों की रखवाली करना भी छोड़ दी है। रविवार की रात 12 बजे तेंदुआ कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव बूंदीभूड़ निवासी अवध राजभर के घर में घुस आया तथा पशुशाला में बंधी बकरी पर हमला बोल दिया। बकरी के चिल्लाने पर गृह स्वामी व उसकी पत्नी जाग गई। दोनों साहस दिखाते हुए लाठी डंडा लेकर तेंदुआ की ओर दौड़ पड़े। तेंदुआ बकरी को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। सूचना पर दर्जनों ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। मामले की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों की गई। कई घंटे बीत जाने के बावजूद वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे पहले भी तेंदुआ गांव के पतरू, श्यामलाल, बनारसी, भोला एक दर्जन लोगों के घरों से कुत्ता, बकरी, बछड़ा को निवाला बना चुका है। लेकिन जंगल से बाहर भटकते हुए तेंदुआ को आबादी में घुसने से रोकने के लिए वन विभाग के पास कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। करीब डेढ़ माह से बूंदीभूड़ गांव में तेंदुए ने आतंक मचा रखा है।