तेंदुआ ने पशुशाला से बछड़े का किया शिकार
संवाद सूत्र, माधोटांडा (पीलीभीत): गुरुवार की रात तेंदुए ने नेपाल बार्डर सीमावर्ती गांव नौजल्हा के ग्
संवाद सूत्र, माधोटांडा (पीलीभीत): गुरुवार की रात तेंदुए ने नेपाल बार्डर सीमावर्ती गांव नौजल्हा के ग्रामीण की पशुशाला में घुसकर बछड़े पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पास के केले के खेत में ले जाकर उसे अपना निवाला बना लिया। सुबह के समय शव पड़ा देखे जाने से खलबली मच गई। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची।
बार्डर से सटे गांवों में तेंदुआ आतंक का पर्याय बन चुका है। लगातार ग्रामीणों के पालतू पशुओं को अपना निवाला बना रहा है। अब तक कई पशु और बतख, मुर्गी आदि को मारकर खा चुका है। लगातार उसके लोगों के घरों और पशुशालाओं में घुसने से भय और आतंक का माहौल उत्पन्न हो गया है। गुरुवार की रात दो बजे तेंदुआ नौजल्हा नंबर एक निवासी प्रदीप मंडल की पशुशाला में घुस गया। उसने पशुशाला में बंधे बछड़े पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पास के केले के खेत में ले जाकर उसे अपना निवाला बना लिया। सुबह के समय लोगों ने जब शव पड़ा देखा तो खलबली मच गई।बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। मामले की सूचना वन अधिकारी को दी गई जिस पर वन वाचर धर्मेंद्र कुमार और संजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे में दफन करा दिया।