खारजा नहर पुल पर लग रहा जाम
पूरनपुर पीलीभीत हाइवे पर खारजा नहर के निर्माणाधीन पुल को लेकर लंबा जाम लग रहा है। कई कई घंटे जाम में फंसकर राहगीर परेशान हो रहे हैं।
संस, पूरनपुर (पीलीभीत) : पूरनपुर पीलीभीत हाइवे पर खारजा नहर के निर्माणाधीन पुल को लेकर लंबा जाम लग रहा है। कई कई घंटे जाम में फंसकर राहगीर परेशान हो रहे हैं। पुल के पास में ही बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ड्यूटीरत सिपाही और होमगार्ड भी इसको लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं जिसके चलते राहगीर काफी परेशान हो रहे हैं।
खारजा नहर पर पहले से ही बना पुल काफी छोटा है। सिर्फ एक ही वाहन आ जा सकता है। इस पुल के पास में सड़क निर्माणदायी संस्था ने दूसरे पुल का निर्माण शुरू कराया है जिस पर काम चल रहा है। लखनऊ और दिल्ली तक के राहगीर इसी रूट से गुजरते हैं जिसके चलते हर समय आवागमन रहता है। दो बड़े वाहन आमने सामने आने पर पुल पर लंबा जाम लग जाता है। यह जाम रोजाना की समस्या लोगों के लिए बन चुका है। कई कई किमी. तक वाहनों की लाइन लग जाने से घंटों यातायात ठप रहता है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करते हुए अपना समय बर्बाद करना पड़ता है। इस जाम को खुलवाने के लिए वहां पुलिस अधिकारियों द्वारा कोई भी कर्मचारी की ड्यूटी नहीं लगाई गई है जिसके चलते यह जाम लोगों के लिए नासूर बनता जा रहा है। इसी जाम की वजह से भाजपा जिला उपाध्यक्ष और जिला मंत्री के साथ मारपीट की भी घटना हो चुकी है लेकिन फिर भी अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।