आंधी-बारिश से पारा लुढ़का, लू से राहत
पिछले करीब एक सप्ताह से भीषण गर्मी का दौर झेल रहे लोगों को देर रात उस समय राहत मिली जब आंधी के साथ ही हल्की बारिश हुई। इससे पहले पूरनपुर के हजारा क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हो गई। मौसम का मिजाज बदला तो पारा लुढ़क गया। लोगों को तपिश से फिलहाल राहत मिली है। अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
जेएनएन, पीलीभीत : पिछले करीब एक सप्ताह से भीषण गर्मी का दौर झेल रहे लोगों को देर रात उस समय राहत मिली, जब आंधी के साथ ही हल्की बारिश हुई। इससे पहले पूरनपुर के हजारा क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हो गई। मौसम का मिजाज बदला तो पारा लुढ़क गया। लोगों को तपिश से फिलहाल राहत मिली है। अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
जेठ की गर्मी वैसे भी मशहूर है। ऐसे में 25 मई से नौतपा (विशेष गर्मी के नौ दिन) लगने के बाद तो भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया था। इस दौरान तापमान भी लगातार बढ़ता गया। तराई का जिला होने के बावजूद बुधवार को तो अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री पर पहुंच गया था। हालांकि देर शाम पूरनपुर के ट्रांस शारदा क्षेत्र में आंधी और हल्की बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हो गई। रात में पूरे जिले में आंधी जैसी तेज हवाएं चलने लगीं। साथ ही हल्की बारिश भी हुई। इससे तपिश से बेहाल लोगों को कुछ राहत मिली। गुरुवार को सुबह भी आसमान पर बादल उमड़ते रहे लेकिन दोपहर में बादल छट गए और धूप खिली। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.7 तथा न्यूनतम 25. 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। धूल भरी आंधी के साथ ही बादल उमड़ेंगे और गरज चमक के साथ हल्की बारिश होती, इसके बाद तापमान फिर बढ़ने लगेगा।