नवरात्र के अंतिम दिन भक्तों ने किया मां सिद्धिदात्री का पूजन
शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन भक्तों ने मां भगवती के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री देवी का पूजन किया। पूजन के बाद घरों व मंदिरों पर कन्याओं को भोज कराया गया।
जेएनएन, पीलीभीत: शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन भक्तों ने मां भगवती के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री देवी का पूजन किया। पूजन के बाद घरों व मंदिरों पर कन्याओं को भोज कराया गया। भोज के उपरांत भक्तों ने अपने व्रत का पारायण करते हुए देवी मां को विदाई दी।
रविवार को प्रात: से ही सिद्धपीठ यशवंतरी देवी मंदिर में भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की संख्या बढ़ती गई। देखते ही देखते भक्तों की लंबी कतार मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर लग गई। दोपहर तक देवी के दर्शन और पूजन का सिलसिला चलता रहा। गोदावरी एस्टेट के मां दुर्गा मंदिर, निरंजन कुंज कालोनी के महा मातेश्वरी मंदिर में भी तमाम भक्त पहुंचे और विधि विधान से पूजन किया। भक्तों ने पूजन के उपरांत कन्याओं को भोज कराया। उन्हें दक्षिणा प्रदान करके आशीष लिया। इसके बाद अपने व्रत का पारायण किया। सायं को महिलाओं ने अपने घरों में ढोलक की थाप पर छंद गाते हुए देवी मां को विदाई दी।
न्यूरिया की बंगाली कॉलोनी में दुर्गा मंदिर को सजाया गया। भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा की। कोविड-19 को लेकर इस वर्ष मेला नहीं लगा।