देवहा का कटान जारी, गन्ना काटने में जुटे ग्रामीण
देवहा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से ग्राम कर्रखेड़ा में लगातार कटान जारी है।
बीसलपुर (पीलीभीत) : देवहा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से ग्राम कर्रखेड़ा में लगातार कटान जारी है। नदी के किनारे स्थित खेतों में खड़े गन्ने की फसल को किसानों ने काटना शुरू कर दिया है। राजस्व विभाग द्वारा अभी तक गांव की सुधि नहीं ली गई है। इसके अलावा आधा दर्जन अन्य गांव नदी के कटान से प्रभावित हैं।
मालूम हो कि पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद छोड़े गए पानी से देवहा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। ग्राम कर्रखेड़ा में पिछले तीन दिनों से नदी उफान पर होने के कारण उसने आस पास के खेतों को निगलना शुरू कर दिया है। नदी के कटान से गांव के ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। शनिवार को ग्रामीण खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को काटते हुए देखे गए। इसके अलावा ग्राम राजूपुर कुंडरी, भौरूआ, मुसेली समेत आधा दर्जन ग्रामों में भी देवहा नदी द्वारा खेतों का कटान किया जा रहा है। सूचना देने के बाद भी राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों की सुधि नहीं ली गई है।