नागरिकता संशोधन कानून के प्रति करेंगे जागरूक
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष के सियासी हमलों का जबाव देने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को बैठकें आयोजित कर इस कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष के सियासी हमलों का जबाव देने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को बैठकें आयोजित कर इस कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। इसी सिलसिले में भाजपा नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष व रिटायर्ड आइपीएस अफसर बृजलाल को भी तराई में रह रहे शरणार्थियों को जागरूक करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर भेजा है। गुरुवार को उन्होंने बरेली के बहेड़ी तहसील क्षेत्र का दौरा किया। शुक्रवार को वह चंदिया हजारा आदि क्षेत्र का दौरा कर शरणार्थियों से रूबरू होंगे।
गुरुवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिये यहां पहुंचे। लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित और अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्र ने स्वागत किया। करीब घंटा भर रुकने के बाद वह बरेली जिले के बहेड़ी तहसील क्षेत्र का दौरा करने के लिए रवाना हो गए। देरशाम वह यहां पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। शुक्रवार को वह कलीनगर और पूरनपुर तहसील क्षेत्र में पूर्वी पाकिस्तान और बंगलादेश से विस्थापित होकर आए शरणार्थियों से नागरिकता संशोधन कानून के बारे में रूबरू होंगे। पुलिस कप्तान के रूप में रहे लोकप्रिय
उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार पुलिस अफसरों में शुमार रहे बृजपाल पीलीभीत जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में लोकप्रिय रहे हैं। वह यहां कई साल तक एसपी रहे हैं। आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा अपराधियों पर सख्ती के साथ प्रभावी कार्रवाई अमल में लाना उनकी कार्यशैली का खास हिस्सा रहा था। बृजलाल ने पीलीभीत जिले के अपने तमाम अनुभव पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित के साथ साझा किए।