एक्जिट पोल ने अटकाई सांसें, असल नतीजे आज
एक्जिट पोल ने राजनीतिक दलों के नेताओं कार्यकर्ताओं की सांसें अटका दी हैं। एक्जिट पोल के आंकड़ों को लेकर लोग अपने अपने ढंग से विश्लेषण कर रहे हैं।
पीलीभीत : एक्जिट पोल ने राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं की सांसें अटका दी हैं। एक्जिट पोल के आंकड़ों को लेकर लोग अपने अपने ढंग से विश्लेषण कर रहे हैं। अब गुरुवार को असल नतीजों से सामना होगा। पीलीभीत सीट से भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी और सपा गठबंधन के उम्मीदवार हेमराज वर्मा समेत कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन आम लोगों के बीच चर्चा सिर्फ भाजपा और सपा गठबंधन प्रत्याशियों के बीच सिमटकर रह गई है। चुनाव अभियान के दौरान कुछ सभाओं में भाजपा प्रत्याशी की ओर से अपने प्रबल प्रतिद्वंदी के प्रति टिप्पणी को लेकर सियासी तल्खी भी बढ़ गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी सभा में उस टिप्पणी का जिक्र भी किया था। भाजपा व सपा गठबंधन के अलावा शिवसेना से अनीता त्रिपाठी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से मोहम्मद हनीफ खां, जदयू से डॉ. भरत पटेल, सबका दल यूनाइटेड से डॉ. सीताराम राजपूत, नैतिक पार्टी से संजय कुमार भारती के अलावा निर्दलीय उर्वशी सिंह, कैफ रजा खां, जाफरी बेगम, मुनेश सिंह, हरियाणा के रेवाड़ी वाले वरुण गांधी और सुरेंद्र कुमार गुप्ता हैं। कांग्रेस ने इस बार प्रत्याशी नहीं उतारा था। सीट गठबंधन के तौर पर अपना दल को दे दी थी। अपना दल ने कांग्रेस से पूर्व जिलाध्यक्ष को प्रत्याशी बनाया था। निर्वाचन आयोग ने अपना दल के उम्मीदवारों को निर्दलीय माना। कहने को तो तेरह प्रत्याशी मैदान में जरूर हैं,लेकिन पूरा लोक सभा चुनाव भाजपा और सपा गठबंधन के बीच सिमटा रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप