भक्तों ने किया महागौरी व सिद्धदात्री का पूजन
चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन शहर समेत पूरे जिला में देवी मंदिरों पर भक्तों की भीड़ रही। अष्टमी के साथ ही नवमी तिथि लग जाने के कारण भक्तों ने मां भगवती के अष्टम स्वरूप महागौरी तथा नवम स्वरूप सिद्धदात्री देवी की आराधना की।
पीलीभीत: चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन शहर समेत पूरे जिला में देवी मंदिरों पर भक्तों की भीड़ रही। अष्टमी के साथ ही नवमी तिथि लग जाने के कारण भक्तों ने मां भगवती के अष्टम स्वरूप महागौरी तथा नवम स्वरूप सिद्धदात्री देवी की आराधना की। साथ ही घरों व देवी मंदिरों में हवन पूजन के साथ कन्याओं को भोज कराया गया। शनिवार को देवी भक्तों में उत्साह देखा गया। शहर के अधिकतर घरों में सुबह से मां की पूजा अर्चना का कार्यक्रम शुरु हो गया। लोगों ने सबसे पहले मां की आराधना कर घरों में हवन पूजन किया। बाद में देवी मंदिरों पर पहुंचकर मां के दर्शन किए। यशवंतरी देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूजन के लिए भक्तों की लंबी लंबी कतारें ली रहीं। शक्तिपीठ पर शहर के अलावा दूर दराज से आए भक्तों ने पूजा अर्चना की। इस दौरान झंडी यात्रा लेकर भक्तों के जत्थे आते रहे। निरंजन कुंज कॉलोनी स्थित महामातेश्वरी मंदिर और गोदावरी इस्टेट स्थित मां दुर्गा मंदिर समेत शहर के सभी देवी मंदिरों में लोगों ने पूजा अर्चना की।
बीसलपुर: नवरात्र अष्टमी पर देवी मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रही। श्रद्धालुओं ने हवन कर कन्याओं को भोज कराया। मंदिरों में महिलाओं ने देवी छंद व भजन गाये। नगर के नौ देवी मंदिर, बड़ा देवी मंदिर, छोटा देवी मंदिर, बंगाली बाबा मंदिर, जानकी रतन मंदिर, गुलेश्वरनाथ मंदिर, भैरव बाबा मंदिर समेत कई देवी मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया था। भैरव बाबा मंदिर पर मंदिर परिसर में हवन का आयोजन किया गया। पूर्णाहुति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पालिका की ओर से मंदिरों के आसपास सफाई अभियान चलाकर विशेष सफाई व्यवस्था कराकर चूना आदि डलवाया गया था। सिंहजी मढ़ी परिसर में कन्याओं को भेज काया गया। व्यवस्था में मनोज गुप्ता, विनोद मिश्र, आयुष मिश्र, आकाश गुप्ता का सहयोग रहा।
दियोरिया: अष्टमी पर क्षेत्र में कई स्थानों पर हवन व कन्या भोज का आयोजन किया गया। महिलाओं ने मां भगवती के छंद व भजन गाए।