बर्तनों की दुकानों पर उमड़े ग्राहक
वैसे तो अब धनतेरस पर लोग तमाम तरह की वस्तुएं खरीदते हैं लेकिन बर्तन खरीदने की परंपरा अभी बरकार है।
पीलीभीत : वैसे तो अब धनतेरस पर लोग तमाम तरह की वस्तुएं खरीदते हैं लेकिन बर्तन खरीदने की परंपरा सदियों पुरानी है। घर में जरूरत के बर्तन लोग इसी पर्व पर खरीदना पसंद करते हैं। अगर जरूरत नहीं है तो भी लोग शगुन के तौर पर कोई न कोई एक बर्तन अवश्य खरीदते हैं। इसी वजह से शहर का बर्तन बाजार सुबह से लेकर देर शाम तक गुलजार रहा। ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदारों के भी चेहरे खिले रहे।वैसे तो अमूमन शहर का बर्तन बाजार सुबह दस बजे से खुलना शुरू होता है लेकिन सोमवार को धनतेरस पर्व के कारण यह बाजार सुबह आठ बजे से ही सज गया। दस बजते बजते ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहक भी इस बाजार में उमड़ने लगे। दोपहर से लेकर शाम तक बर्तन बाजार में भारी भीड़ रही। दुकानदारों की मानें तो अकेले शहर में ही बीस लाख के आसपास बर्तनों का व्यवसाय इस पर्व पर हुआ है।
बीसलपुर : धनतेरस पर सुबह से ही बाजार में चहल पहल दिखाई देने लगी। दोपहर होने बर्तनों की दुकानों पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ गई। धनतेरस पर्व पर शहर में बर्तन व्यापारियों द्वारा कई दिनों से अपनी दुकानों को बर्तन लगाकर बिक्री के लिए सजाया जा रहा था। पर्व पर दुकानों के अलावा बर्तनों की बिक्री करने वालों में बारह पत्थर चौराहे गोपी टाकीज रोड, स्टेशन रोड सहित कई स्थानों पर बर्तनों की दुकानों पर देर रात तक बर्तन खरीदने वाले ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहर में ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिस भी लगी रही।
घुंघचाई : धनतेरस पर्व को लेकर क्षेत्र के कसगंजा गुलरिया सिमरिया दिलावरपुर सहित कई गांव में त्योहार को लेकर काफी हर्ष उल्लास देखा जा रहा है। इस दौरान लोगों ने घरों की साफ सफाई की और ग्रामीणों द्वारा गांव में लगी दुकानों से बर्तन व बाइक समेत अन्य सामान की जमकर खरीदारी की गई। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों की विशेष पूजा अर्चना की इसके अलावा शाम को ग्रामीण अंचलों में घरों पर वैदिक विधि विधान से पूजा अर्चना की गई।