बाजार में बढ़ी भीड़, नियंत्रित नहीं यातायात
त्योहारी सीजन के कारण बाजार में भीड़ बढ़ रही है लेकिन यातायात व्यवस्था दुरुस्त न होने की वजह से स्टेशन रोड पर दिन में कई स्थानों पर जाम लग जाता है। बाजार में खरीदारी करने जाने वाले लोग जाम में फंसकर रह जाते हैं। सबसे ज्यादा समस्या ई-रिक्शा बने हुए हैं।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : त्योहारी सीजन के कारण बाजार में भीड़ बढ़ रही है लेकिन यातायात व्यवस्था दुरुस्त न होने की वजह से स्टेशन रोड पर दिन में कई स्थानों पर जाम लग जाता है। बाजार में खरीदारी करने जाने वाले लोग जाम में फंसकर रह जाते हैं। सबसे ज्यादा समस्या ई-रिक्शा बने हुए हैं। बाजार में विभिन्न चौराहों, तिराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी ज्यादातर होमगार्ड के जवानों पर डाल दी जाती है। कई बार नो इंट्री टाइम में बड़े वाहन बाजार में घुस जाते हैं। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान लाचार बने रहते हैं। इससे समस्या और बढ़ जाती है।
नवरात्र के साथ ही दशहरा, करवा चौथ, दीपावली और भैया दूज जैसे त्योहार इसी महीने में होंगे। इस वजह से लोगों ने त्योहारों के लिए खरीदारी करना शुरू कर दिया है। इसी वजह से बाजार में पिछले महीने की अपेक्षा भीड़ काफी बढ़ने लगी है। सुबह नौ बजे के बाद देर शाम तक शहर के बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रखा गया है। इसके लिए कई स्थानों पर नो इंट्री बोर्ड भी प्रदर्शित किए गए लेकिन फिर भी बड़े वाहन बाजार में घुस जाते हैं। स्टेशन रोड पर सुनगढ़ी थाना चौराहा, गैस चौराहा, फल मंडी, ड्रमंडगंज चौराहा, बरेली गेट, लोहा मंडी में दिन में कई बार जाम की समस्या पैदा होती है। खरीदारी करने बाजार जाने वाले लोग अक्सर जाम में फंस जाते हैं। बाजार में अधिकतर स्थानों पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए होमगार्ड के जवान लगाए गए हैं। वे न तो ई-रिक्शा ज्यादा संख्या में बाजार में पहुंचने से रोक पाते हैं और न ही अन्य बड़े वाहनों। होमगार्ड के जवान रुकने का इशारा करते रह जाते हैं लेकिन चालक वाहन रोकते ही नहीं। शहर के तमाम बच्चे इसी स्टेशन रोड से आवागमन करते हैं, वे भी जाम में फंसकर परेशान होने लगते हैं।
------------------------
फोटो-5पीआइएलपी-6
बाजार में ई-रिक्शा की भरमार हो जाने के कारण ही जाम की समस्या पैदा होती है। अब त्योहारों का सीजन है। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुधारने में अधिकारियों को ध्यान देना होगा। ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे कहीं पर भी जाम न लगने पाए।
राकेश अग्रवाल
फोटो-5पीआइएलपी-7
शहर के बाजार में बड़े वाहनों के लिए जो नो इंट्री का समय है, उसका ट्रैफिक पुलिस को कड़ाई से पालन कराना चाहिए। ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित की व्यवस्था अभी तक नहीं किया जाना भी समस्या बढ़ा रहा है।
संजय रस्तोगी
फोटो-5पीआइएलपी-8
दशहरा के बाद बाजार में भीड़ और ज्यादा बढ़ेगी। जब अभी से जाम लग रहा है तो आगे और ज्यादा समस्या आ सकती है। ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने पर ध्यान देना चाहिए।
सुशील गुप्ता
फोटो-5पीआइएलपी-9
धनतेरस, दीपावली पर बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है। यातायात व्यवस्था को लेकर अभी से तैयारी पूरी कर ली जाए तो बाजार आने वालों को राहत रहेगी। ई-रिक्शा को बाजार के अंदर प्रवेश करने से रोकना चाहिए।
आलोक कोहली