सेहरामऊ रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य तेज
सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर ब्राडगेज का काम काफी तेज गति से शुरू हो गया है।
जोगराजपुर (पीलीभीत) : सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर ब्राडगेज का काम काफी तेज गति से शुरू हो गया है। प्लेटफार्म में मिट्टी भराव का काम लगभग पूरा हो चुका है। फुट ओवर ब्रिज का काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्य में तेजी होने से जनता में खुशी का माहौल है।
जनता के लिए एकमात्र सुगम साधन ट्रेन है। ब्राडगेज का निर्माण होने से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। हजारों की आबादी को लम्बी दूरी का चक्कर काटकर अपने वाहनों से गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। वर्तमान में यहां की जनता यातायात व्यवस्था को लेकर काफी परेशान है। ब्राडगेज का काम अभी तक काफी धीमा चल रहा था। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद अब काम में तेजी आ गई है। अन्य रेलवे स्टेशनों की तुलना में काफी गति के साथ हो रहा है। प्लेटफार्म पर मिट्टी भराई का कार्य को पूर्ण हो चुका है। रेलवे लाइन को हटाकर समतलीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। दो दिन से फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी शुरु हो गया है। काम काफी तेज गति से चलता देख क्षेत्र की जनता खुश है।