गन्ना पर्चियों को लेकर गरजे भाकपा माले कार्यकर्ता
किसानों को समान रूप से पर्चियां न मिलने का आरोप लगाते हुए भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
पूरनपुर (पीलीभीत) : किसानों को समान रूप से पर्चियां न मिलने का आरोप लगाते हुए भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने गन्ना समिति में सांकेतिक धरना दिया। अधिकारियों पर कई आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही किसानों को पर्ची दिलाने की मांग उठाई।
गन्ना समिति परिसर में धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव देवाशीष राय ने कहा कि सरकार किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। ऐसी सरकार को गद्दी से नीचे उतार देना चाहिए। घोषणा के अनुरूप किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया। न ही किसानों की उपज का दाम दोगुना किया गया। दिल्ली में किसानों ने संसद मार्च किया। धरने के बाद समिति सचिव को ज्ञापन सौंपा गया। कहा गया कि एक माह पहले पेराई सत्र शुरू हो गया है। राहुल नगर मजदूर बस्ती समेत कई गांवों के किसानों को गन्ना सप्लाई के लिए पर्ची जारी नहीं की जा रही है। गन्ना माफिया के नाम जरूरत से ज्यादा पर्ची जारी की जा रही हैं। समस्या का निस्तारण न होने पर कार्यकर्ता आंदोलन तेज कर देंगे। ज्ञापन देने वालों में अफरोज, देवीदयाल, नगीना, छुन्नू खान, सईद खान, विजय प्रकाश, जितेंद्र कुमार, आदि शामिल रहे।