धूप खिलने के बाद भी कम नहीं हो रही ठिठुरन
तराई के इस जिलेवासियों को शीतलहर से फिलहाल कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
पीलीभीत : तराई के इस जिलेवासियों को शीतलहर से फिलहाल कोई राहत नहीं मिल पा रही है। हालत यह है कि दिन में धूप खिलने के बाद भी लोग ठिठुरन महसूस करते रहते हैं। जितनी देर धूप में बैठे, तभी तक राहत मिल पाती है। सायं को सूर्य ढलने के बाद वातावरण में गलन बढ़ गई। ऐसे में लोगों को ठंड से राहत पाने के लिए आग का सहारा लेना पड़ा।
गुरुवार को सुबह वातावरण में हल्का कोहरा भी रहा। कोहरा छंटते ही धूप तो खिली लेकिन उसमें गर्माहट नहीं रही। बाद में आसमान पर बादल आने लगे लेकिन गनीमत रही कि जल्दी ही छंट गए। तब खुलकर धूप खिली तो लोगों ने उसका आनंद लिया। आज अधिकतम तापमान 18.4 व न्यूनतम 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सायं को सूर्य ढलते ही वातावरण में गलन बढ़ने लगी। तब घरों से बाहर निकले लोग जल्दी-जल्दी अपने कार्य निपटाकर घरों की ओर रवाना होने लगे। ठंड बढ़ जाने की वजह से बाजार में भी सन्नाटा छाने लगा। अनेक दुकानदार ठंड से राहत पाने के लिए आग का सहारा लेते देखे गए। नगर पालिका परिषद की ओर से भी शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव जलवाए गए हैं। जहां राहगीर और रिक्शा वालों के साथ ही गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों की प्रतीक्षा में खड़े रहने वाले लोग आग तापते हुए ठंड से राहत पाने लगे।