सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी, फैली गंदगी
मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की ओर से शुरू की गई अनिश्चित कालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
संस, बीसलपुर (पीलीभीत) : मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की ओर से शुरू की गई अनिश्चित कालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते मुख्य बाजार समेत सभी वाडरें के मार्गों पर गंदगी फैल जाने से लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। अधिशासी अधिकारी सफाई कर्मियों की हड़ताल को अवैध घोषित करते हुए शीघ्र कार्य पर न लौटने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
सफाई कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने पालिका कार्यालय परिसर में मंगलवार को भी प्रदर्शन कर धरना जारी रखा। धरने पर स्थाई व संविदा सफाई कर्मचारी पूरे दिन बैठे रहे। पालिका कार्यालय में पहुंची अधिशासी अधिकारी वंदना शर्मा से अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष आकाश वाल्मीकि के नेतृत्व में शिष्ट मंडल ने भेंटकर समस्याएं बताईं। मांगों का निस्तारण मौके पर न होने के कारण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त नहीं की। हड़ताल के चलते मुख्य बाजार सहित सभी 25 वाडरें में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए देखे गए। नाला नालियों में कीचड़ पटी हुई देखी गई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि दीपावली का पर्व नजदीक है साथ ही क्षेत्र में मुख्यमंत्री का दौरा भी संभावित है। इसलिए सफाई कर्मचारियों का इस समय हड़ताल पर जाना अवैध है।